कटघोरा के जुराली मलदा घाट में अज्ञात व्यक्ति की सड़ी-गली लाश मिलने से सनसनी, शिनाख्त में जुटी पुलिस
कटघोरा। कटघोरा थाना क्षेत्र के मलदा घाट स्थित एक बाउंड्रीवॉल से घिरे प्लॉट के अंदर घने जंगल में पानी के पास एक अज्ञात व्यक्ति की सड़ी-गली लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव काफी पुराना होने के कारण बुरी तरह क्षत-विक्षत हो चुका है। प्रारंभिक जांच में मृतक के पुरुष होने की जानकारी सामने आई है।
जानकारी के अनुसार, आज सुबह एक स्थानीय महिला की नजर जंगल में पानी के समीप पड़े शव पर पड़ी। महिला ने तत्काल इसकी जानकारी ग्रामीणों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को दी। इसके बाद पार्षद एवं अन्य जनप्रतिनिधियों के माध्यम से घटना की सूचना कटघोरा थाना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। मृतक की पहचान नहीं हो पाने के कारण उसकी शिनाख्त को लेकर पुलिस स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटा रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा घटनास्थल से संभावित साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया जा रहा है। वहीं, पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के साथ ही स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है, ताकि मृतक की पहचान और उसकी मौत की परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।
कटघोरा थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई है। शव की शिनाख्त और मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों के संबंध में स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।


