Uncategorized

डीएवी खरमोरा में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनी महात्मा गांधी-शास्त्री जयंती, मैराथन से दिया स्वच्छता व राष्ट्रीय एकता का संदेश

कोरबा। डी.ए.वी. मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल, खरमोरा में 2 अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा, उल्लास और गरिमा के साथ मनाई गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ पुलिस प्रशासन से उपस्थित सहायक उप-निरीक्षक थाना सिविल लाइंस, कोरबा धनंजय सिंह, ट्रैफिक पुलिस के आरक्षक राकेश दुबे, थाना सिविल लाइंस के आरक्षक बसंत पटेल, ट्रैफिक पुलिस के आरक्षक भीष्म नारंग एवं विद्यालय के प्राचार्य हेमंतो मुखर्जी ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया।

अतिथियों एवं विद्यालय परिवार ने दोनों महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।

इस अवसर पर स्वास्थ्य, राष्ट्रीय एकता तथा महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के आदर्शों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से डीएवी प्रबंधन के तत्वावधान में भव्य मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथियों एवं पुलिस प्रशासन की उपस्थिति और सहयोग में आयोजित मैराथन में विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

मैराथन के माध्यम से सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, सड़क सुरक्षा एवं राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया गया। साथ ही लाल बहादुर शास्त्री के अमर नारे ‘जय जवान, जय किसान’ के माध्यम से देशसेवा और राष्ट्र निर्माण की भावना को जागृत किया गया।

विद्यालय परिवार एवं प्राचार्य हेमंतो मुखर्जी ने कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों, पुलिस प्रशासन, विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं स्थानीय नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान और देशसेवा के संकल्प के साथ हुआ।

Oplus_131072

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *