सराईपाली खदान में कम भाड़े के विरोध में ट्रक-ट्रेलर मालिकों का धरना समाप्त, लिफ्टरों से बनी सहमति; नई दरें कल से लागू

पाली। सराईपाली खदान में कम भाड़े और आर्थिक शोषण के विरोध में ट्रक-ट्रेलर मालिकों द्वारा किया जा रहा एकदिवसीय सांकेतिक धरना आखिरकार समाप्त हो गया। लिफ्टरों और ट्रांसपोर्टरों के बीच भाड़े को लेकर सहमति बनने के बाद आंदोलन को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है।
ट्रक और ट्रेलर मालिक लंबे समय से कम भाड़ा मिलने की शिकायत कर रहे थे। उनका कहना था कि डीजल, वाहन मेंटेनेंस और अन्य परिचालन खर्च लगातार बढ़ रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें निर्धारित दर के अनुरूप भाड़ा नहीं दिया जा रहा है। इसी मांग को लेकर ट्रांसपोर्टरों ने खदान परिसर में एकदिवसीय सांकेतिक धरना दिया।
धरने के बाद लिफ्टरों और ट्रांसपोर्टरों के बीच वार्ता हुई। चर्चा के दौरान निर्धारित भाड़ा दरों को लागू करने पर सहमति बनी। नई भाड़ा दरें कल से लागू की जाएंगी। सहमति बनने के बाद ट्रांसपोर्टरों ने अपना आंदोलन समाप्त कर दिया।
इसके अलावा ट्रांसपोर्टरों ने खदान की जर्जर सड़कों की मरम्मत और पार्किंग व्यवस्था में सुधार की मांग भी प्रबंधन के समक्ष रखी। इन समस्याओं को लेकर भी प्रबंधन के साथ चर्चा हुई। फिलहाल भाड़े को लेकर सहमति बनने के बाद ट्रांसपोर्टरों ने आंदोलन स्थगित कर दिया है।


