दीपका में किन्नरों और पिता-पुत्र के बीच खूनी झड़प,मारपीट कमेंट को लेकर शुरू हुआ विवाद
चाकू और डंडे से हमले का आरोप, मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
कोरबा। दीपका थाना क्षेत्र में किन्नरों और पिता-पुत्र के बीच विवाद के बाद खूनी झड़प का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि कमेंट को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। करीब 10 मिनट तक दोनों पक्षों के बीच लात-घूंसे चले। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
कमेंट को लेकर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, किन्नर समाज के कुछ लोग दीपका क्षेत्र में ढोलक बजाते हुए दुकानों में बधाई मांग रहे थे। इसी दौरान दीपका चौक स्थित संजय पान पैलेस के पास किसी बात को लेकर कमेंट किए जाने पर किन्नरों और वहां मौजूद लोगों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने के बाद दोनों पक्षों में हाथापाई शुरू हो गई।

पिता के साथ मारपीट की सूचना पर पहुंचा बेटा
बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान केजे सिंह कंपनी में काम करने वाले पंकज सिंह के साथ मारपीट की गई। आरोप है कि इस दौरान उन पर चाकू और डंडे से हमला किया गया, जिससे पंकज सिंह घायल हो गए। पिता के साथ मारपीट की सूचना मिलने पर उनका बेटा प्रतीक सिंह भी मौके पर पहुंचा। आरोप है कि इसके बाद प्रतीक के साथ भी मारपीट की गई।
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
घटना के दौरान मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरे विवाद का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में दोनों पक्षों के बीच मारपीट होती दिखाई दे रही है। घटना के बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है और विवाद के वास्तविक कारण तथा मारपीट में शामिल लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।


