Uncategorized

पसान लोकड़हा हत्याकांड का खुलासा, ‘बाघा’ ने आरोपी के घर तक पहुंचाकर सुलझाई गुत्थी

कोरबा। पसान थाना क्षेत्र के ग्राम लोकड़हा में महिला सुखमनिया एक्का की पत्थर से सिर कुचलकर की गई हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस डॉग ‘बाघा’ ने घटनास्थल से सुराग लेकर करीब आधा किलोमीटर दूर आरोपी के घर तक पहुंचने में अहम भूमिका निभाई। पुलिस ने मामले में सहस राम मिंज को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, हत्या की वजह महिला द्वारा आरोपी की पत्नी और छोटे भाई की पत्नी को शराब पिलाने को लेकर हुआ विवाद बताया गया है। आरोपी का कहना है कि उसने सुखमनिया को कई बार ऐसा करने से मना किया था, लेकिन वह नहीं मानी, जिससे वह नाराज था।

घटना 23 सितंबर को सामने आई थी। सूचना मिलने पर पसान थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची। कटघोरा एसडीओपी विजय राजपूत ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से खून से सना पत्थर बरामद किया। मामले की जांच में फोरेंसिक टीम, साइबर टीम और डॉग स्क्वॉड को लगाया गया।

पुलिस के मुताबिक, 22 सितंबर की शाम आरोपी बकरी चराकर घर लौटा था। उसने अपनी पत्नी, छोटे भाई की पत्नी और सुखमनिया को शराब के नशे में देखा। इस बात को लेकर उसने सुखमनिया को डांटकर घर से जाने के लिए कहा। इसके बाद जब सुखमनिया अपने चाचा के घर की ओर जा रही थी, तो आरोपी ने उसका पीछा किया।

आरोप है कि मुड़हीकुआं खेत के पास सुनसान स्थान पर सहस राम ने पत्थर से सुखमनिया के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी वहां से चला गया।

डॉग ‘बाघा’ ने दिखाई जांच की दिशा

लोकड़हा वनांचल क्षेत्र में स्थित होने और दुर्गम रास्तों के कारण पुलिस के सामने जांच की चुनौती थी। इसी दौरान डॉग ‘बाघा’ ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण सुराग हासिल किया और करीब आधा किलोमीटर दूर एक मकान तक पहुंच गया। पुलिस ने वहां रहने वाले सहस राम मिंज को संदेह के आधार पर हिरासत में लेकर पूछताछ की।

शुरुआत में आरोपी ने हत्या में शामिल होने से इनकार किया, लेकिन पुलिस के अनुसार घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और पूछताछ के बाद उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Oplus_131072

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *