Uncategorized

कोरबा की बेटी संजू देवी ने बढ़ाया छत्तीसगढ़ का मान, मुख्यमंत्री साय ने फोन पर दी बधाई

कोरबा। जापान में आयोजित एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल मुकाबले में ईरान को हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस ऐतिहासिक जीत में छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले की बेटी और भारतीय महिला कबड्डी टीम की स्टार खिलाड़ी संजू देवी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी इस उपलब्धि से कोरबा सहित पूरे छत्तीसगढ़ में गर्व और खुशी का माहौल है।
भारतीय टीम की स्वर्णिम सफलता के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कोरबा की बेटी संजू देवी को फोन कर बधाई और शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने संजू देवी से आत्मीय बातचीत करते हुए उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की और कहा कि उनकी उपलब्धि ने न केवल कोरबा और छत्तीसगढ़, बल्कि पूरे देश का नाम रोशन किया है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि संजू देवी ने अपनी प्रतिभा, कड़ी मेहनत और खेल कौशल के दम पर राष्ट्रीय टीम में स्थान बनाया और अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का प्रतिनिधित्व किया। एशियन गेम्स जैसे प्रतिष्ठित आयोजन में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा बनना गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि कोरबा की बेटी संजू देवी की सफलता प्रदेश की बेटियों और युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की बेटियां आज शिक्षा, खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। संजू देवी ने भी अपने संघर्ष और मेहनत से यह साबित किया है कि ग्रामीण और छोटे शहरों से निकलने वाली प्रतिभाओं में भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करने की पूरी क्षमता है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए बेहतर प्रशिक्षण, सुविधाएं और अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार काम कर रही है। गांवों, आदिवासी अंचलों और छोटे शहरों में छिपी प्रतिभाओं को उचित मंच उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
उल्लेखनीय है कि एशियन गेम्स 2026 के फाइनल में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने ईरान को पराजित कर स्वर्ण पदक हासिल किया। टीम की इस ऐतिहासिक उपलब्धि में कोरबा की संजू देवी की महत्वपूर्ण भागीदारी रही। मुख्यमंत्री साय ने भारतीय महिला कबड्डी टीम के सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और सहयोगी स्टाफ को भी बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Oplus_131072
Oplus_131072

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *