Uncategorized

WhatsApp पर APK फाइल से सावधान, एक क्लिक से खाली हो सकता है बैंक खाता

कटघोरा। साइबर ठग अब लोगों को अपने जाल में फंसाने के लिए WhatsApp और SMS के जरिए APK फाइल भेजकर उसे मोबाइल में डाउनलोड व इंस्टॉल कराने का तरीका अपना रहे हैं। बैंक KYC अपडेट, बिजली बिल, पार्सल, सरकारी योजना, इनाम, लोन या दस्तावेज सत्यापन जैसे बहाने बनाकर भेजी जाने वाली संदिग्ध APK फाइल मोबाइल और बैंकिंग सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन सकती है।

कटघोरा थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने आम लोगों को साइबर ठगी से सावधान रहने की अपील करते हुए कहा कि WhatsApp, SMS अथवा किसी अनजान नंबर से प्राप्त APK फाइल को डाउनलोड या इंस्टॉल न करें। कोई व्यक्ति खुद को बैंक अधिकारी, पुलिसकर्मी, सरकारी कर्मचारी या किसी कंपनी का प्रतिनिधि बताकर APK भेजे, तब भी बिना सत्यापन के उसे इंस्टॉल नहीं करना चाहिए।

थाना प्रभारी ने बताया कि साइबर ठग लोगों को डराने या लालच देने के लिए तरह-तरह के संदेश भेजते हैं। KYC बंद होने, बैंक खाता ब्लॉक होने, इनाम मिलने, लोन स्वीकृत होने अथवा किसी जरूरी दस्तावेज के सत्यापन का झांसा देकर तत्काल APK डाउनलोड करने के लिए कहा जाता है। APK Android ऐप की इंस्टॉलेशन फाइल होती है, लेकिन अनजान या संदिग्ध स्रोत से मिली फाइल में मैलवेयर हो सकता है। ऐसी ऐप को आवश्यक अनुमतियां मिल जाने पर मोबाइल में मौजूद SMS, नोटिफिकेशन और अन्य संवेदनशील जानकारी के दुरुपयोग का खतरा बढ़ सकता है।

गलती से APK इंस्टॉल हो जाए तो तुरंत क्या करें?

यदि किसी व्यक्ति ने गलती से संदिग्ध APK डाउनलोड या इंस्टॉल कर ली है, तो तत्काल मोबाइल का इंटरनेट कनेक्शन बंद करें और बैंक से संपर्क कर ऑनलाइन बैंकिंग, कार्ड अथवा UPI को सुरक्षित करवाएं।

यदि खाते से रकम निकल गई है तो बिना देरी किए 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत करें और राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज करें।

साइबर ठगी की शिकायत करते समय बैंक ट्रांजेक्शन आईडी/UTR, ठगी की रकम, तारीख और समय, संबंधित मोबाइल नंबर, WhatsApp चैट, संदिग्ध लिंक तथा अन्य उपलब्ध डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखना उपयोगी होता है।

थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने आम जनता से अपील की है कि अनजान लिंक या APK फाइल पर क्लिक न करें तथा OTP, UPI PIN, ATM PIN, पासवर्ड और बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। थोड़ी सी सतर्कता साइबर ठगी से होने वाले बड़े आर्थिक नुकसान से बचा सकती है।

Oplus_131072
Oplus_131072

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *