Uncategorized

छत्तीसगढ़ महतारी की पूजा-अर्चना के साथ कटघोरा में धान खरीदी शुरू, पहले दिन किसान ने बेचा धान

प्रशासनिक अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 का शुभारंभ, उपार्जन केंद्र में व्यवस्थाओं का लिया जायजा

कटघोरा। आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित कटघोरा के धान खरीदी उपार्जन केंद्र में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए छत्तीसगढ़ महतारी की विधिवत पूजा-अर्चना एवं आरती के साथ धान खरीदी का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, सहकारिता विभाग के अधिकारियों एवं किसानों की गरिमामय उपस्थिति रही।

कार्यक्रम में प्रभारी कलेक्टर एवं जिला पंचायत कोरबा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन, आईएएस अधिकारी एवं जनपद पंचायत कटघोरा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तरुण किरण, नगर पंचायत छुरीकला की अध्यक्ष पद्मिनी देवांगन, महामंत्री राजेन्द्र टण्डन, निगरानी समिति सदस्य जय कंवर, डीआर सर, मति मिंज सर, खाद्य अधिकारी घनश्याम कंवर, डीएमओ ऋतुराज देवांगन, जिला नोडल अधिकारी सुशील जोशी, सहकारिता विस्तार अधिकारी भूपेंद्र साहू, ऑडिटर दीपक कंवर, मंडी सचिव नारायण पटेल एवं बैंक सुपरवाइजर मणिशंकर मिश्रा विशेष रूप से उपस्थित रहे।

छत्तीसगढ़ महतारी की पूजा-अर्चना के पश्चात अतिथियों की उपस्थिति में धान खरीदी कार्य प्रारंभ किया गया। इस दौरान अधिकारियों ने उपार्जन केंद्र में उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही किसानों को धान विक्रय के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाओं पर चर्चा की। अधिकारियों ने शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित तरीके से धान खरीदी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

धान खरीदी के पहले दिन ग्राम नवागांव की किसान दयामति केला, पति कुँवर प्रसाद केला ने उपार्जन केंद्र में अपना धान विक्रय किया। इस अवसर पर अतिथियों ने किसान का स्वागत करते हुए उन्हें धान विक्रय की शुभकामनाएं दीं।

कटघोरा समिति प्रबंधक बिनोद भट ने बताया

कि इस वर्ष कटघोरा उपार्जन केंद्र में कुल 840 किसानों का पंजीयन हुआ है। इनमें 50 नए किसान भी शामिल हैं, जिन्होंने इस वर्ष नया पंजीयन कराया है। खरीदी के दौरान किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए समिति पूरी तरह तैयार है।

किसानों की समस्याओं का होगा निराकरण

समिति प्रबंधक बिनोद भट ने बताया कि फिलहाल केंद्र में किसी किसान ने खरीदी से संबंधित समस्या की जानकारी नहीं दी है। यदि कोई किसान समस्या लेकर पहुंचता है तो उसका निराकरण समिति स्तर पर किया जाएगा। समिति स्तर पर समाधान नहीं होने की स्थिति में उच्च अधिकारियों से संपर्क कर समस्या का निराकरण कराया जाएगा।

टोकन व्यवस्था के तहत हो रही धान खरीदी

उन्होंने बताया कि इस वर्ष भी पिछले वर्ष की तरह टोकन व्यवस्था के तहत धान खरीदी की जा रही है। निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार किसानों को उनकी धान कटाई और रकबे के आधार पर टोकन जारी किए जाएंगे। एक एकड़ तक के किसानों को एक टोकन, 1 से 10 एकड़ तक के किसानों को दो टोकन तथा 10 एकड़ से अधिक रकबे वाले किसानों को तीन टोकन जारी किए जाएंगे।

17 प्रतिशत तक नमी वाला धान ही होगा स्वीकार

धान की गुणवत्ता और नमी के संबंध में समिति प्रबंधक ने बताया कि शासन के निर्धारित नियमों के अनुसार अधिकतम 17 प्रतिशत नमी वाला धान ही खरीदी केंद्र में स्वीकार किया जाएगा। यदि किसी किसान के धान में 17 प्रतिशत से अधिक नमी पाई जाती है तो उसे धान सुखाकर दोबारा लाने के लिए कहा जाएगा। निर्धारित मानक पूरा होने पर ही धान की खरीदी की जाएगी।

21 क्विंटल की पात्रता पर कृषक उन्नति योजना का मिलेगा लाभ

बिनोद भट ने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा किसानों के हित में कृषक उन्नति योजना के तहत प्रावधान किया गया है। इसके अनुसार यदि किसी किसान को प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान बेचने की पात्रता है, लेकिन वह किसी कारणवश केवल 15 क्विंटल धान ही बेच पाता है, तो शेष 6 क्विंटल की पात्रता के अनुरूप भी उसे योजना का लाभ दिया जाएगा। इस प्रकार किसान को 21 क्विंटल की निर्धारित पात्रता के आधार पर लाभ मिलेगा।

उन्होंने कहा कि किसानों से सुचारू रूप से धान खरीदी करने और उनकी समस्याओं का त्वरित निराकरण करने के लिए कटघोरा उपार्जन केंद्र प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम में समिति प्रबंधक विनोद कुमार भट्ट सहित समिति के कर्मचारी, किसान, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि एवं मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान किसानों की सुविधा, सुव्यवस्थित तौल, समय पर धान खरीदी तथा उपार्जन केंद्र में आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर विशेष चर्चा की गई। धान खरीदी के शुभारंभ से क्षेत्र के किसानों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

Oplus_131072
Oplus_131072
Oplus_131072
Oplus_131072
Oplus_131072
Oplus_131072

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *