Uncategorized

जनजातीय नायकों की वीरगाथा नई पीढ़ी तक पहुंचाने का आह्वान, अरुण साव बोले- उनके त्याग और बलिदान को हर घर तक पहुंचाना हमारा दायित्व

कोरबा में जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह आयोजित, शहीद परिवारों, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों, प्रतिभावान विद्यार्थियों, खिलाड़ियों और कलाकारों का हुआ सम्मान; मांदर की थाप पर थिरके उपमुख्यमंत्री और उद्योग मंत्री

कोरबा। जनजातीय समाज के नायकों का संघर्ष, त्याग और बलिदान देश की अमूल्य विरासत है। उनकी वीरगाथाओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी का दायित्व है। यह बात प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं कोरबा जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव ने मंगलवार को कोरबा में आयोजित जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा, शहीद वीर नारायण सिंह, गुंडाधुर और गेंद सिंह नायक जैसे महान जनजातीय नायकों के संघर्ष को याद करते हुए उनके योगदान की जानकारी हर घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।

छत्तीसगढ़ शासन द्वारा प्रदेशभर में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस पखवाड़ा के तहत आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने की। कार्यक्रम में कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, महापौर संजू देवी राजपूत, छत्तीसगढ़ राज्य हथकरघा विकास एवं विपणन सहकारी संघ के अध्यक्ष भोजराम देवांगन, सभापति नूतन सिंह ठाकुर सहित अनेक जनप्रतिनिधि और समाज प्रमुख उपस्थित रहे। पारंपरिक वेशभूषा में पहुंचे जनजातीय नर्तक दलों ने लोकनृत्य और ढोल-मांदर की थाप के साथ अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम स्थल पर जनजातीय कला, संस्कृति और परंपराओं पर आधारित प्रदर्शनी एवं स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र रहे।

भगवान बिरसा मुंडा का संघर्ष जनजातीय समाज के गौरव और स्वाभिमान का प्रतीक

उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस ऐतिहासिक अवसर है। यह भगवान बिरसा मुंडा सहित उन सभी जनजातीय नायकों के संघर्ष, त्याग और बलिदान को स्मरण करने का दिन है, जिन्होंने देश और समाज के लिए अपना सर्वस्व समर्पित कर दिया। भगवान बिरसा मुंडा को जनजातीय समाज धरती आबा के रूप में पूजता है। उन्होंने कम आयु में ही अंग्रेजों की गुलामी, अत्याचार और जनजातीय समाज को भ्रमित करने के प्रयासों के विरुद्ध संघर्ष शुरू किया। उनका साहस और समाज के प्रति समर्पण आज भी नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है।

उन्होंने कहा कि शहीद वीर नारायण सिंह ने गरीबों और समाज के हित में संघर्ष किया। अंग्रेजों ने उनके साथ अमानवीय व्यवहार कर लोगों को भयभीत करने का प्रयास किया, लेकिन स्वतंत्रता और समाज के सम्मान के लिए शुरू हुआ संघर्ष आगे बढ़ता रहा। गुंडाधुर और गेंद सिंह नायक जैसे अनेक वीरों ने भी देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया। इन महान नायकों के योगदान और बलिदान की जानकारी हर घर तक पहुंचनी चाहिए।

जनजातीय समाज की बेटी का राष्ट्रपति बनना पूरे देश के लिए गौरव

श्री साव ने कहा कि जनजातीय समाज का इतिहास वैभवशाली और गौरवशाली रहा है। यह पूरे देश के लिए गर्व की बात है कि जनजातीय परिवार में जन्मी द्रौपदी मुर्मू आज देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद राष्ट्रपति के रूप में देश की सेवा कर रही हैं। यह जनजातीय समाज की बढ़ती भागीदारी और नेतृत्व क्षमता का उदाहरण है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में भी जनजातीय गौरव दिवस के आयोजन किए जा रहे हैं, ताकि जनजातीय नायकों की वीरगाथा और उनके योगदान को जन-जन तक पहुंचाया जा सके।

जनजातीय बहुल क्षेत्रों में विकास सुविधाओं का हो रहा विस्तार

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने जनजातीय समाज के विकास के लिए अलग जनजातीय कार्य मंत्रालय बनाया और इसके लिए बजट का प्रावधान किया। आज इस मंत्रालय के माध्यम से जनजातीय बहुल क्षेत्रों के विकास के लिए अनेक कार्य किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री जनमन योजना और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के माध्यम से जनजातीय परिवारों और गांवों तक आवास, सड़क सहित अन्य मूलभूत सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत बने 18 लाख आवासों में करीब 40 प्रतिशत आवास जनजातीय परिवारों के लिए बनाए गए हैं। प्रधानमंत्री जनमन योजना के माध्यम से विशेष रूप से पिछड़े जनजातीय समूहों के लिए अलग प्रावधान किए गए हैं। उन्होंने जनजातीय समाज से शासन की योजनाओं का लाभ लेकर शिक्षा, रोजगार, खेल और उद्योग सहित हर क्षेत्र में आगे बढ़ने का आह्वान किया।

नक्सलवाद प्रभावित क्षेत्रों में विकास की नई तस्वीर

श्री साव ने कहा कि नक्सलवाद का सबसे अधिक दुष्प्रभाव जनजातीय समाज को झेलना पड़ा है। इसके कारण बस्तर के अनेक क्षेत्रों में स्कूलों का संचालन, सड़क निर्माण और विकास के अन्य कार्य कठिन थे। अब वहां आम लोगों के जीवन में बदलाव दिखाई दे रहा है। शासन की योजनाओं के माध्यम से परिवारों तक आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड और बिजली, पानी, सड़क, स्कूल तथा अस्पताल जैसी सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रयासों और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में नक्सलवाद को समाप्त करने की दिशा में काम किया जा रहा है। उपमुख्यमंत्री ने जनजातीय समाज से अपनी परंपरा, संस्कृति, सभ्यता और पूजा-पद्धति को संरक्षित रखने तथा सामाजिक एकजुटता बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज प्रकृति और धरती की पूजा करता है। समाज का विकास, उसकी एकजुटता और देश के विकास में उसका योगदान विकसित भारत के निर्माण के लिए आवश्यक है।

जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए भगवान बिरसा मुंडा ने किया संघर्ष : लखनलाल देवांगन

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लेने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने अपने ज्ञान, साहस और संघर्ष से जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए कार्य किया। जनजातीय समाज उन्हें भगवान के रूप में पूजता है।

श्री देवांगन ने बताया कि कोरबा के पंडित रविशंकर शुक्ल वार्ड में चौक का नामकरण भगवान बिरसा मुंडा के नाम पर किया गया है। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज के नायकों के योगदान को याद करना और उनकी विरासत को आगे बढ़ाना हम सभी का दायित्व है।

शहीद परिवारों, विद्यार्थियों और कलाकारों का सम्मान, मांदर की थाप पर थिरके अतिथि

समारोह में शहीद परिवारों के सदस्यों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को सम्मानित किया गया। जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिवारों के प्रतिनिधियों के साथ समाज प्रमुखों, प्रतिभावान विद्यार्थियों, खिलाड़ियों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कलाकारों को भी सम्मान प्रदान किया गया।

इस दौरान जनजातीय नर्तक दलों ने पारंपरिक लोकनृत्य प्रस्तुत कर समां बांधा। अतिथियों ने जनजातीय कला, संस्कृति और परंपराओं पर आधारित प्रदर्शनी एवं स्टॉलों का अवलोकन किया। समारोह का एक खास आकर्षण तब देखने को मिला, जब उपमुख्यमंत्री अरुण साव और उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन नर्तक दलों के साथ कदम से कदम मिलाते हुए मांदर की थाप पर थिरकने लगे। उन्होंने कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर प्रभारी कलेक्टर प्रतीक जैन, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय, जनपद अध्यक्ष अशोका बाई, जिला पंचायत सदस्य रेणुका राठिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, समाज प्रमुख और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Oplus_131072
Oplus_131072
Oplus_131072
Oplus_131072
Oplus_131072
Oplus_131072

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *