बालको प्लांट में चोरी का अनोखा तरीका! शरीर पर 49 किलो कॉपर वायर लपेटकर निकल रहे थे दो युवक, सिक्योरिटी गार्डों ने पकड़ा

कमर से छाती तक तांबे का तार छिपाकर पहने थे कपड़े, सुरक्षा कर्मियों की सतर्कता से नाकाम हुई चोरी की कोशिश; पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर भेजा जेल
कोरबा। जिले के बालको प्लांट में कॉपर वायर चोरी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। चोरी करने वाले दो युवकों ने तांबे के तार को कमर से छाती तक अपने शरीर पर लपेट लिया और ऊपर से कपड़े पहनकर प्लांट से बाहर निकलने की कोशिश की। हालांकि, सुरक्षा कर्मियों की सतर्कता के चलते उनकी यह चालाकी काम नहीं आई और दोनों चोरी के माल के साथ पकड़ लिए गए।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 15 नवंबर की रात से 16 नवंबर की सुबह के बीच की है। आरोपियों ने बालको प्लांट के CH-04 के सामने रखे केबल ड्रम से कॉपर वायर काटा। इसके बाद तार के ऊपर चढ़े प्लास्टिक कवर को छीलकर तांबे के तार को अपने शरीर पर लपेट लिया। चोरी का तार छिपाने के बाद दोनों युवक सामान्य कपड़े पहनकर प्लांट से बाहर निकलने की फिराक में थे।
इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात सिक्योरिटी गार्ड संदीप श्रीवास्तव और मुकेश बरेठ को दोनों युवकों की गतिविधियों पर संदेह हुआ। उन्होंने रोककर तलाशी ली तो शरीर पर छिपाकर रखा गया कॉपर वायर बरामद हो गया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
मामले में पुलिस ने पथरीपारा निवासी 23 वर्षीय भीम मल्लाह और भटगांव उपरपारा निवासी 21 वर्षीय नरेश कुमार कंवर को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 49 किलो 280 ग्राम कॉपर वायर बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 49 हजार 280 रुपये बताई गई है। इसके अलावा चोरी में इस्तेमाल किए गए कटर और हेक्सा ब्लेड भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इस घटना में सुरक्षा कर्मियों की सतर्कता से चोरी की बड़ी कोशिश नाकाम हो गई।






