घरेलू विवाद में मासूम की मौत, कटघोरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर आरोपी पिता को किया गिरफ्तार
शराब के नशे में पत्नी से विवाद कर रहा था पति, बीच-बचाव के दौरान मासूम हुआ गंभीर रूप से घायल; उपचार के दौरान तोड़ा दम
कोरबा/कटघोरा। कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र के ग्राम सलोरा में घरेलू विवाद की एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के दौरान मां की गोद में मौजूद महज ढाई माह के मासूम बच्चे को डंडे से चोट लग गई। गंभीर रूप से घायल बच्चे की उपचार के दौरान मौत हो गई। इस घटना से परिवार में मातम पसरा है।

मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम सलोरा निवासी द्वारिका प्रसाद केंवट शराब के नशे में अपनी पत्नी मुश्कान केवट के चरित्र पर संदेह करते हुए उससे विवाद कर रहा था। देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया। इसी दौरान आवेश में आकर आरोपी पति ने पत्नी पर डंडे से वार कर दिया। उस समय पत्नी की गोद में मौजूद ढाई माह का मासूम भी डंडे की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद परिजन घायल बच्चे को तत्काल उपचार के लिए कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान मासूम ने दम तोड़ दिया। बच्चे की मौत की खबर मिलते ही परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा थाना प्रभारी राजेश तिवारी, एसआई चन्द्रमणि खांडे सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी पिता द्वारिका प्रसाद केंवट को उसके घर से हिरासत में लिया। वहीं, बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई।
पुलिस के अनुसार, आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस और फोरेंसिक टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर मामले की विस्तृत जांच कर रही है। घरेलू विवाद की इस घटना में एक मासूम की जान चले जाने से गांव में शोक का माहौल है।





