Uncategorized

सोलर अम्बर चरखे से आत्मनिर्भर बनेंगी पहाड़ी कोरवा महिलाएं, 9 महिलाओं को मिले चरखे

कोरबा। विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में जिला प्रशासन एवं छत्तीसगढ़ खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड ने महत्वपूर्ण पहल की है। सोमवार को जिला पंचायत कार्यालय में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार सिंह एवं उपाध्यक्ष निकिता जायसवाल ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत प्रतीक जैन की उपस्थिति में ग्राम आछीमार की 9 पहाड़ी कोरवा महिला हितग्राहियों को सोलर ऊर्जा से संचालित अम्बर चरखे वितरित किए। इस अवसर पर खादी एवं ग्रामोद्योग के सहायक संचालक आशीष राठौर भी उपस्थित रहे।

सोलर चलित अम्बर चरखे मिलने से महिलाएं अपने घरेलू एवं दैनिक कार्यों के साथ अतिरिक्त समय में घर पर ही सूत कताई का काम कर सकेंगी। इसके लिए छत्तीसगढ़ खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा उन्हें कपास की पोनी (कॉटन रोविंग) उपलब्ध कराई जाएगी। महिलाएं चरखे से सूत तैयार कर विभागीय उत्पादन केंद्रों में जमा करेंगी, जिसके बदले खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग द्वारा निर्धारित दर पर भुगतान किया जाएगा। इस कार्य से प्रत्येक महिला को प्रतिमाह लगभग 5 से 6 हजार रुपये की अतिरिक्त आय होने की संभावना है।

उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा संचालित विभागीय खादी उत्पादन केंद्र कुंवरगढ़, धरसींवा, जिला रायपुर में कारीगर प्रशिक्षण कार्यक्रम योजना के तहत प्रदेश की 30 विशेष पिछड़ी जनजाति वर्ग की महिलाओं को 17 सितंबर 2026 से अम्बर चरखे के माध्यम से सूत कताई का प्रशिक्षण दिया गया था। गांधी जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर 2026 को प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन हुआ। इनमें कोरबा जिले की 9 पहाड़ी कोरवा महिलाएं भी शामिल थीं।

प्रशिक्षण पूरा होने के बाद सभी 9 महिलाओं को सोलर चलित किट सहित अम्बर चरखे प्रदान किए गए हैं। विभागीय उत्पादन केंद्रों के माध्यम से महिलाओं को उनके गांव में ही कच्चा माल उपलब्ध कराया जाएगा और तैयार सूत का संग्रहण किया जाएगा। इससे उन्हें रोजगार के लिए घर से बाहर जाने की जरूरत नहीं होगी और वे अपनी सुविधानुसार काम कर अतिरिक्त आमदनी अर्जित कर सकेंगी।

यह पहल पहाड़ी कोरवा महिलाओं को कौशल आधारित स्वरोजगार से जोड़ने, पारिवारिक आय बढ़ाने और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। सौर ऊर्जा से संचालित अम्बर चरखे न केवल ग्रामीण महिलाओं के लिए आजीविका के नए अवसर उपलब्ध कराएंगे, बल्कि खादी उत्पादन को भी प्रोत्साहित करेंगे।

Oplus_131072
Oplus_131072
Oplus_131072
Oplus_131072
Oplus_131072
Oplus_131072

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *