Uncategorized

श्री अग्रसेन गौ धाम कनबेरी में 17 नवंबर को मनेगा गोपाष्टमी पर्व, उपमुख्यमंत्री अरुण साव होंगे मुख्य अतिथि

सुबह होगी विशेष गौ-पूजा, दोपहर में सांस्कृतिक कार्यक्रम और विशाल भंडारे का आयोजन; सर्व समाज को सपरिवार आमंत्रण

कोरबा। श्री अग्रसेन गौ धाम कनबेरी में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी मंगलवार, 17 नवंबर को गोपाष्टमी का पावन पर्व भव्य एवं उत्साहपूर्ण माहौल में मनाया जाएगा। इस अवसर पर अग्रसेन गौ धाम सेवा समिति द्वारा विशेष गौ-पूजन, सांस्कृतिक कार्यक्रम और विशाल भंडारे का आयोजन किया जा रहा है। समिति ने कोरबा सहित आसपास के क्षेत्रों के सर्व समाज के लोगों से सपरिवार शामिल होकर गौ माता की पूजा-अर्चना करने और प्रसाद ग्रहण करने की अपील की है।

रविवार को कोरबा प्रेस क्लब के तिलक भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में अग्रवाल सभा एवं अग्रसेन गौ धाम के पदाधिकारियों ने कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा साझा की। उन्होंने बताया कि आयोजन में छत्तीसगढ़ शासन के उपमुख्यमंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन, कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, कोरबा महापौर संजू देवी राजपूत एवं भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता अग्रवाल सभा कोरबा के अध्यक्ष बजरंग अग्रवाल करेंगे।

पत्रकार वार्ता में माता माधवी देवी गौ सेवा समिति के पूर्व अध्यक्ष सुनील जैन (टोनी), अग्रवाल महासभा के अध्यक्ष बजरंग अग्रवाल, अग्रसेन गौ धाम सेवा समिति के अध्यक्ष जयंत अग्रवाल, सचिव राधेश्याम अग्रवाल (पिंटू), माता माधवी देवी गौ सेवा समिति के कोषाध्यक्ष घनश्याम अग्रवाल, उपाध्यक्ष राजेश अग्रवाल एवं कोषाध्यक्ष देवाशीष केडिया उपस्थित रहे।

छत्तीसगढ़ का अनूठा गौ धाम, जहां असहाय गोवंश की होती है सेवा

माता माधवी देवी गौ सेवा समिति के पूर्व अध्यक्ष सुनील जैन (टोनी) ने बताया कि गौ धाम में स्थापित गौ गोपाल मंदिर अपनी विशेष पहचान रखता है। यह छत्तीसगढ़ का एक अनूठा सेवा केंद्र है, जहां वर्तमान में लगभग 800 से 900 गोवंश आश्रित हैं। इसकी सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यहां दूध देने वाली गायों को नहीं रखा जाता, बल्कि केवल निर्धन, बेसहारा, बीमार एवं दुर्घटनाग्रस्त गोवंश को आश्रय देकर उनके पालन-पोषण और उपचार की व्यवस्था की जाती है। गौ धाम परिसर में स्थापित भव्य गौ गोपाल मंदिर के दर्शन का लाभ भी श्रद्धालुओं को मिलेगा।

गौ-सेवा और तुलादान की विशेष व्यवस्था

अग्रसेन गौ धाम सेवा समिति के अध्यक्ष जयंत अग्रवाल ने बताया कि गौ धाम में आमजन की सुविधा के लिए पूरे वर्ष गौ-सेवा और तुलादान की व्यवस्था उपलब्ध है। इसके तहत कोई भी श्रद्धालु 11 हजार रुपये की सहयोग राशि देकर अपने नाम से पूरे एक वर्ष तक एक गौ माता की सेवा का संकल्प ले सकता है।

तुलादान के लिए गुड़, हरा चारा एवं पशु आहार की व्यवस्था की गई है। इसके लिए बड़ों के लिए 2,100 रुपये और 12 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के लिए 1,100 रुपये निर्धारित किए गए हैं। वहीं मात्र 251 रुपये में हरे चारे की सवामणी कराई जा सकती है।

इसके अलावा नागरिक अपने जन्मदिन, वैवाहिक वर्षगांठ एवं अन्य पारिवारिक अवसरों पर गौ धाम में भोजन और नाश्ते का आयोजन भी कर सकते हैं। इसके लिए एक दिन पूर्व सूचना देना अनिवार्य होगा। आयोजन एवं बुकिंग से संबंधित जानकारी के लिए गौ धाम प्रबंधक रोहरलाल यादव (मो. 6260900422) अथवा समिति के पदाधिकारियों से संपर्क किया जा सकता है।

गौ धाम पहुंच मार्ग का 75 प्रतिशत निर्माण पूरा

पत्रकार वार्ता के दौरान गौ धाम तक पहुंच मार्ग को लेकर पूछे गए सवाल पर समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि कनबेरी स्थित गौ धाम कटघोरा विधानसभा क्षेत्र में आता है। कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल की विधायक निधि से स्वीकृत 40 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड का निर्माण कराया जा रहा है। मार्ग का लगभग 70 से 75 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। शेष निर्माण कार्य भी गोपाष्टमी पर्व को ध्यान में रखते हुए जल्द पूरा कराने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि पर्व में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

Oplus_131072
Oplus_131072
Oplus_131072
Oplus_131072
Oplus_131072
Oplus_131072

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *