Uncategorized

पोंडी उपरोड़ा में धूमधाम से मनाई गई भगवान विश्वकर्मा जयंती, हवन-पूजन के बाद निकली विसर्जन यात्रा

पोंडी उपरोड़ा। ग्राम पोंडी उपरोड़ा के हनुमान चबूतरा बस्ती में देव शिल्पी भगवान विश्वकर्मा की जयंती के अवसर पर क्षेत्रीय राजमिस्त्री समूह, ड्राइवर बंधु, बढ़ई कारीगर, बिजली मिस्त्री, लक्ष्मी टेंट सहित क्षेत्रवासियों के सहयोग से तृतीय वर्ष स्थापना पूजन समारोह हर्षोल्लास और भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ।

आयोजन के दौरान राजपुरोहित आचार्य नीरज दुबे ने विधि-विधान के साथ भगवान विश्वकर्मा की स्थापना कराई तथा हवन-पूजन संपन्न कराया। पूजन कार्यक्रम में यजमान के रूप में लक्ष्मी नारायण सिंह कंवर सहपत्नी, घूर सिंह कंवर, जनक विश्वकर्मा सहपत्नी, सुमित कंवर सहपत्नी, धरमपाल सिंह कंवर सहपत्नी तथा भद्रापारा निवासी दर्शन दास महंत सहपत्नी सहित सात जोड़ों ने विधिवत पूजा-अर्चना में सहभागिता की।

आयोजन को सफल बनाने के लिए 51 सदस्यीय समिति का गठन किया गया, जिसकी जिम्मेदारी अध्यक्ष के रूप में बढ़ई घूर सिंह कंवर को सौंपी गई। स्थापना पूजन के पश्चात श्रद्धालुओं को खीर-पुड़ी का भोग एवं प्रसाद वितरित किया गया। वहीं रात्रि में मानस गान एवं भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालु देर रात तक भक्तिरस में सराबोर रहे।

अगले दिन दोपहर भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा को डीजे की भक्तिमय धुनों के साथ ग्राम भ्रमण कराया गया। इस दौरान श्रद्धालु रंग-गुलाल उड़ाते हुए नाचते-गाते हुए विसर्जन यात्रा में शामिल हुए। विभिन्न गलियों में हलवा भोग-प्रसाद का वितरण किया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं ने तान नदी में विधिवत प्रतिमा विसर्जन किया।

आयोजन को सफल बनाने में समिति के कार्यकर्ताओं के साथ क्षेत्र की महिलाओं, वरिष्ठजनों एवं ग्रामीणों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। प्रतिमा विसर्जन के लिए नन्हा पटेल एवं लक्ष्मण पटेल ने वाहन सुविधा उपलब्ध कराई, जबकि तानाखार गांव के छोटू यादव ने डीजे साउंड की व्यवस्था में सहयोग प्रदान किया।

समिति अध्यक्ष घूर सिंह कंवर ने आयोजन को सफल बनाने में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी श्रद्धालुओं, समिति सदस्यों, महिलाओं, वरिष्ठजनों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस प्रकार हनुमान चबूतरा बस्ती में भगवान विश्वकर्मा का तृतीय वर्ष स्थापना पूजन एवं विसर्जन समारोह भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ।

Oplus_131072
Oplus_131072

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *