Uncategorized

जीवांश अस्पताल में भर्ती नवप्रसूता अचानक हुई लापता, अगले दिन पेड़ पर लटका मिला शव; नवजात ICU में

कटघोरा। कटघोरा थाना क्षेत्र के जेंजरा में एक नवप्रसूता की मौत का मामला सामने आया है। प्रसव के लिए जीवांश अस्पताल, जेंजरा में भर्ती महिला सोमवार रात अचानक लापता हो गई थी। परिजन रातभर उसकी तलाश करते रहे और सोशल मीडिया के माध्यम से भी मदद की अपील की। मंगलवार दोपहर उसका शव जेंजरा मेन रोड के पास एक पेड़ से लटका मिला। महिला का नवजात बच्चा अभी अस्पताल के SNCU/ICU में भर्ती है।

जानकारी के अनुसार ग्राम छुरीकला निवासी कविता केंवट को प्रसव के लिए 10 सितंबर को जीवांश अस्पताल में भर्ती कराया गया था। प्रसव के बाद नवजात की तबीयत खराब होने पर उसे विशेष नवजात देखभाल इकाई (SNCU/ICU) में भर्ती किया गया था।

बताया जा रहा है कि सोमवार रात किसी बात को लेकर कविता परिजनों से नाराज हो गई और अस्पताल से अचानक बिना बताए चली गई। जब परिजनों को उसके लापता होने की जानकारी मिली तो उन्होंने रातभर आसपास के क्षेत्रों में उसकी तलाश की। महिला की तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा कर लोगों से भी तलाश में सहयोग मांगा गया।

मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे जेंजरा मेन रोड के पास ग्रामीणों ने एक महिला का शव पेड़ से लटका देखा। सूचना मिलने पर सरपंच और कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाया और उसकी पहचान अस्पताल से लापता कविता केंवट के रूप में हुई।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि महिला किन परिस्थितियों में अस्पताल से बाहर गई और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई।

फिलहाल मौत के कारणों को लेकर पुलिस की जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटना की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।

Oplus_131072

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *