कोरबा थाने में रील बनाकर इंस्टाग्राम पर डाली, महिला पर कार्रवाई
थाना परिसर में ‘आज जेल होई… कल बेल होई…’ गाने पर बनाई रील, वायरल होने के बाद पुलिस ने बुलाकर की पूछताछ
कोरबा। सोशल मीडिया पर लाइक्स और कमेंट्स पाने के चक्कर में थाना परिसर में रील बनाकर इंस्टाग्राम पर पोस्ट करना एक महिला को भारी पड़ गया। कोरबा के सीतामढ़ी क्षेत्र निवासी उषा मिश्रा ने कोरबा कोतवाली थाना के मुख्य गेट और ‘संवेदना कक्ष’ के सामने भोजपुरी गाने पर रील शूट कर उसे सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। वीडियो 11 सितंबर 2026 को इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया गया था, जिसके वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया।

वायरल वीडियो में महिला ‘आज जेल होई… कल बेल होई… परसों से उहे खेल होई’ जैसे गाने पर रील बनाती नजर आ रही है। थाना परिसर जैसे संवेदनशील स्थान पर बनाए गए इस वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस ने महिला को थाने बुलाकर पूछताछ की।
कोतवाली थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू के मुताबिक, महिला के खिलाफ BNSS की धारा 126 और 135(3) के तहत कार्रवाई की गई है। पूछताछ के दौरान महिला ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए पुलिस को बताया कि उसने वीडियो केवल मनोरंजन के उद्देश्य से बनाया था। उसका पुलिस या थाना परिसर का अपमान करने का कोई इरादा नहीं था।

कार्रवाई के बाद महिला ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर अपनी गलती के लिए माफी भी मांगी।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि थाना परिसर में बिना अनुमति फोटो, वीडियो या रील बनाना प्रतिबंधित है। थाना सुरक्षा और कानून-व्यवस्था से जुड़ा संवेदनशील स्थान होता है। ऐसे में सोशल मीडिया पर प्रसिद्धि या लाइक्स-कमेंट्स पाने के लिए थाना परिसर में इस तरह की गतिविधियां करने से बचना चाहिए। पुलिस ने लोगों से नियमों का पालन करने की अपील करते हुए कहा है कि उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।


