जेसीआई कोरबा सेंट्रल की वाद-विवाद प्रतियोगिता में युवाओं ने दिखाया तर्क और नेतृत्व का दम

‘सोशल मीडिया नेतृत्व की नई पाठशाला बन चुका है’ विषय पर 27 युवा वक्ताओं ने रखे प्रभावशाली विचार
कोरबा। जेसीआई कोरबा सेंट्रल द्वारा जेसीआई वीक के अंतर्गत श्री अग्रसेन कन्या महाविद्यालय, कोरबा में वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का विषय “सोशल मीडिया नेतृत्व की नई पाठशाला बन चुका है” रखा गया। विषय के पक्ष और विपक्ष में विभिन्न महाविद्यालयों के 27 युवा वक्ताओं ने अपने विचार प्रस्तुत किए।

लगभग 150 दर्शकों की उपस्थिति में प्रतिभागियों ने आत्मविश्वास, तार्किकता और प्रभावशाली अभिव्यक्ति के साथ सोशल मीडिया के सकारात्मक एवं नकारात्मक प्रभावों तथा नेतृत्व निर्माण में उसकी भूमिका पर अपने विचार रखे। युवाओं के सशक्त तर्कों और नए विचारों ने प्रतियोगिता को जीवंत बना दिया।
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में वरिष्ठ पत्रकार मनोज शर्मा एवं पीएच.डी. प्रोफेसर श्रीमती कुमकुम गुलहरे शामिल रहे। निर्णायकों ने प्रतिभागियों की तर्कशक्ति, विचारों की स्पष्टता, प्रस्तुतीकरण और विषय की समझ के आधार पर मूल्यांकन किया तथा प्रतिभागियों को आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया।
कार्यक्रम में अग्रवाल सभा कोरबा के अध्यक्ष बजरंग अग्रवाल एवं श्री अग्रसेन शिक्षण समिति के अध्यक्ष गोपाल अग्रवाल की गरिमामयी उपस्थिति रही। अतिथियों ने युवा प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं युवाओं के व्यक्तित्व, अभिव्यक्ति और नेतृत्व क्षमता के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
प्रतियोगिता के परिणाम में पक्ष वर्ग में रमा पटेल ने प्रथम, सबा परवीन ने द्वितीय तथा अंजलि ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं विपक्ष वर्ग में मनु मित्तल प्रथम तथा निशा सिंह द्वितीय स्थान पर रहीं। विजेता प्रतिभागियों को जेसीआई ट्रॉफी, मेडल एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके अलावा सभी प्रतिभागियों को भी प्रमाण-पत्र एवं मेडल प्रदान किए गए।
जेसीआई कोरबा सेंट्रल का उद्देश्य युवाओं को ऐसा मंच उपलब्ध कराना है, जहां वे समसामयिक विषयों पर अपनी सोच विकसित कर सकें, आत्मविश्वास के साथ अपनी बात रख सकें और विभिन्न दृष्टिकोणों को समझते हुए अपनी नेतृत्व क्षमता को निखार सकें। प्रतियोगिता के माध्यम से युवाओं को अभिव्यक्ति, तर्कशक्ति और नेतृत्व कौशल को बेहतर बनाने का अवसर मिला।
कार्यक्रम में जेसीआई कोरबा सेंट्रल के अध्यक्ष सीए त्रिलोकी नाथ बजाज, अंश अग्रवाल, कपिल विश्वकर्मा सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि आत्मविश्वास के साथ अपनी बात रखने वाला युवा ही भविष्य में प्रभावी नेतृत्व की नींव रख सकता है।


