Uncategorized

पीएम आवास शहरी 2.0 ने बदली गुंजा साहू की जिंदगी, साकार हुआ पक्के मकान का सपना

जहां हर बरसात डराती थी, अब वहीं पक्का घर देता है सुकून : हितग्राही गुंजा साहू

कोरबा। कभी कच्चे मकान की दीवारों और टपकती छत के बीच जिंदगी गुजारने वाली काशीनगर निवासी श्रीमती गुंजा साहू के लिए पक्का मकान किसी सपने से कम नहीं था। परिवार की सीमित आमदनी के कारण वर्षों से पक्का घर बनाने की इच्छा पूरी नहीं हो पा रही थी। बारिश के दिनों में छत से पानी टपकना, दीवारों और फर्श में सीलन भरना तथा मिट्टी के घर में सांप-बिच्छुओं के आने का डर परिवार के लिए हमेशा चिंता का कारण बना रहता था।

गुंजा साहू बताती हैं कि पहले उनका घर कच्चा था। बरसात के दिनों में छत से पानी टपकता था और घर में सीलन के कारण बच्चों और परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती थी। पक्का मकान बनाने की इच्छा तो थी, लेकिन सीमित आय के कारण यह संभव नहीं हो पा रहा था।

गुंजा साहू के पति सोनू राम साहू ठेका कर्मी के रूप में कार्य करते हैं। सीमित आय में परिवार की रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करना ही प्राथमिकता थी। ऐसे समय में पीएम आवास शहरी 2.0 योजना उनके परिवार के लिए उम्मीद की किरण बनकर सामने आई। योजना के तहत आवास निर्माण के लिए उन्हें तीन किश्तों में लगभग 2.50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्राप्त हुई। शासन से मिली सहायता और परिवार की अपनी बचत को मिलाकर उन्होंने अपने पक्के मकान का निर्माण पूरा किया।

गुंजा साहू कहती हैं कि पीएम आवास योजना का लाभ मिलने के बाद उन्हें विश्वास हुआ कि उनका भी पक्के घर का सपना पूरा हो सकता है। आज उनके पास अपना पक्का मकान है। अब बारिश के दिनों में छत से पानी टपकने की चिंता नहीं रहती। दीवारों और फर्श में सीलन की परेशानी दूर हो गई है और सांप-बिच्छुओं का डर भी नहीं सताता। परिवार अब सुरक्षित और बेहतर माहौल में रह रहा है।

पक्का मकान मिलने से गुंजा साहू के परिवार की जिंदगी में सिर्फ घर की तस्वीर ही नहीं बदली, बल्कि सुरक्षा, सुविधा, सम्मान और आत्मविश्वास भी बढ़ा है। जिस घर में कभी हर बारिश चिंता लेकर आती थी, आज वही पक्का आशियाना परिवार को सुकून और सुरक्षित भविष्य का भरोसा दे रहा है।

गुंजा साहू के लिए यह मकान महज ईंट और सीमेंट से बना घर नहीं, बल्कि वर्षों की चिंता से मुक्ति और सम्मानपूर्वक जीवन जीने का आधार बन गया है। वह कहती हैं कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि पक्के घर का सपना इतनी जल्दी पूरा होगा। आज अपने परिवार के साथ पक्के मकान में रहने से उन्हें खुशी और सुकून मिलता है। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और शासन के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।

पीएम आवास शहरी 2.0 योजना के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को केवल पक्की छत ही नहीं मिल रही, बल्कि उनके जीवन में सुरक्षा, सम्मान, स्थायित्व और बेहतर भविष्य की नई उम्मीद भी जुड़ रही है। गुंजा साहू का पक्का मकान इसी बदलाव की एक सशक्त मिसाल है।

Oplus_131072
Oplus_131072

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *