विकसित भारत चैलेंज क्विज का शुभारंभ, कोरबा से 17,357 युवाओं को जोड़ने का लक्ष्य

15 से 29 वर्ष के युवा MY Bharat पोर्टल पर कर सकेंगे भागीदारी, चयनित युवाओं को नई दिल्ली में विचार रखने का मिलेगा अवसर
कोरबा। युवाओं को विकसित भारत के निर्माण से जोड़ने और उन्हें अपने विचार रखने का मंच प्रदान करने के उद्देश्य से युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के मेरा युवा भारत (MY Bharat) के अंतर्गत विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग (VBYLD) का आयोजन किया जा रहा है। इसी के तहत विकसित भारत चैलेंज क्विज प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया है।
कोरबा प्रेस क्लब के तिलक भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में MY Bharat की जिला युवा अधिकारी सुश्री ईशा गौतम ने प्रतियोगिता की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि VBYLD के अंतर्गत छह अलग-अलग ट्रैक हैं, जिनमें विकसित भारत चैलेंज प्रमुख ट्रैक है। प्रतियोगिता पांच चरणों में पूरी होगी।
प्रतियोगिता के पहले चरण में ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। इसमें 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा भाग ले सकते हैं। इसके लिए प्रतिभागियों को mybharat.gov.in पोर्टल पर पंजीयन या लॉगिन करना होगा। क्विज में 20 प्रश्न होंगे और इन्हें हल करने के लिए करीब 10 मिनट का समय मिलेगा।
क्विज के बाद चयनित प्रतिभागियों को MY Bharat पोर्टल के माध्यम से डिजिटल प्रारूप में निबंध प्रस्तुत करना होगा। छत्तीसगढ़ के लिए निबंध का विषय “Tribal Communities & Inclusive Development” (जनजातीय समुदाय एवं समावेशी विकास) निर्धारित किया गया है।
निबंध के आधार पर जिला स्तर पर 50 युवाओं का चयन किया जाएगा। चयनित युवा जिला प्रशासन के सहयोग से आयोजित प्रतियोगिता में अपने विषय पर प्रस्तुति देंगे। इसके बाद नवंबर-दिसंबर में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, जिसमें पूरे छत्तीसगढ़ से 45 युवाओं का चयन होगा।
चयनित युवा 12 जनवरी, राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। यहां उन्हें देश के शीर्ष नेतृत्व के समक्ष अपने विचार एवं प्रस्तुति रखने का अवसर मिलेगा।
कोरबा से 17,357 युवाओं की भागीदारी का लक्ष्य
जिला युवा अधिकारी ने बताया कि कोरबा जिले से 17,357 युवाओं को क्विज प्रतियोगिता में शामिल कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। वहीं MY Bharat पोर्टल पर जिले में पंजीयन का लक्ष्य 56 हजार रखा गया था, जिसके मुकाबले अब तक 49 हजार से अधिक युवा पंजीयन करा चुके हैं।
उन्होंने जिले के युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में MY Bharat पोर्टल पर पंजीयन कर विकसित भारत चैलेंज क्विज में भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह प्रतियोगिता युवाओं को अपनी प्रतिभा और विचारों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगी।


