Uncategorized

31 साल बाद बदला सिटी कोतवाली का भवन, नए थाना भवन का लोकार्पण और ई-मालखाने का उद्घाटन

कोरबा। थाना सिटी कोतवाली परिसर में नवीन थाना भवन का लोकार्पण एवं ई-मालखाना का उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन और बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक राम गोपाल गर्ग वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में जुड़े और नवीन थाना भवन का लोकार्पण किया।

सिटी कोतवाली का पुराना भवन वर्ष 1995 में निर्मित हुआ था। करीब 31 वर्षों तक सेवाएं देने के बाद भवन की पुरानी संरचना और पुलिसिंग की बढ़ती आवश्यकताओं को देखते हुए नवीन थाना भवन का निर्माण कराया गया है। नए भवन का निर्माण छत्तीसगढ़ पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन के सहयोग से किया गया है।

नवीन थाना भवन में आधुनिक पुलिसिंग की जरूरतों के अनुरूप आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इससे पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को बेहतर कार्य वातावरण मिलने के साथ आम नागरिकों को भी पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने में सुविधा होगी।

ई-मालखाने से जप्त माल की होगी आसान पहचान

सिटी कोतवाली में ई-मालखाना की आधुनिक व्यवस्था भी शुरू की गई है। प्रकरणों से संबंधित जप्त माल-मशरूका का रिकॉर्ड कंप्यूटर सॉफ्टवेयर में दर्ज किया गया है। मालखाने में रखे सामान को क्रमबद्ध तरीके से व्यवस्थित करने के साथ प्रत्येक माल की मार्किंग और पहचान सुनिश्चित की गई है।

ई-मालखाना व्यवस्था से पुराने प्रकरणों के जप्त सामान को जरूरत पड़ने पर आसानी से तलाश किया जा सकेगा। इससे जप्त माल के सुरक्षित संधारण, रिकॉर्ड के बेहतर प्रबंधन, त्वरित खोज और पारदर्शिता में सुविधा मिलेगी। विवेचना तथा न्यायालयीन कार्यवाही के दौरान आवश्यक माल उपलब्ध कराने में भी इससे सहूलियत होगी।

लोकार्पण के दौरान उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि नए थाना भवन और ई-मालखाने से पुलिस को बेहतर कार्य वातावरण मिलेगा तथा तकनीक आधारित व्यवस्था से पुलिसिंग में सुविधा और पारदर्शिता बढ़ेगी। वहीं आईजी राम गोपाल गर्ग ने आधुनिक अधोसंरचना और ई-मालखाना जैसी तकनीकी व्यवस्थाओं को पुलिस कार्यप्रणाली को अधिक व्यवस्थित एवं प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण बताया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष सहित जनप्रतिनिधिगण, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन, नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय सहित पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और सिटी कोतवाली का स्टाफ मौजूद रहा।

Oplus_131072
Oplus_131072

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *