Uncategorized

गणेश विसर्जन में तेज आवाज डीजे पर कटघोरा पुलिस का शिकंजा, डीजे संचालकों पर कार्रवाई

हाई वॉट के बेस-बुफर, लाइनर और डीजे वाहन जब्त, कोलाहल अधिनियम के तहत दर्ज किया प्रकरण

कटघोरा। गणेश विसर्जन के दौरान शासन द्वारा निर्धारित ध्वनि संबंधी नियमों की अनदेखी कर तेज आवाज में डीजे बजाना दो संचालकों को भारी पड़ गया। कटघोरा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो डीजे संचालकों के खिलाफ कोलाहल अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस ने मौके से हाई वॉट के बेस, बुफर, लाइनर सहित डीजे में प्रयुक्त वाहनों को जब्त किया है।

जिला पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर जिले में त्योहारी सीजन के दौरान ध्वनि संबंधी नियमों का उल्लंघन करने वाले डीजे संचालकों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कटघोरा नीतीश ठाकुर एवं एसडीओपी विजय सिंह राजपूत के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी राजेश तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गणेश विसर्जन के दौरान तेज आवाज में डीजे बजाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार कार्रवाई की जद में राहुल कुमार पिता रामलाल निर्मलकर (25 वर्ष), निवासी रतिजा, थाना दीपका तथा सूरज कुमार चौहान पिता तरसूराम चौहान (25 वर्ष), निवासी बिसनपुर, थाना कटघोरा, जिला कोरबा आए हैं। दोनों के विरुद्ध कोलाहल अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर डीजे उपकरण एवं संबंधित वाहनों को जब्त किया गया है।

थाना प्रभारी ने दी सख्त चेतावनी

कटघोरा थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने डीजे संचालकों को स्पष्ट चेतावनी दी है कि गणेश विसर्जन सहित अन्य धार्मिक एवं सार्वजनिक आयोजनों में शासन की निर्धारित गाइडलाइन का पालन अनिवार्य रूप से किया जाए। निर्धारित मानकों से अधिक तेज आवाज में डीजे बजाने या नियमों का उल्लंघन करने की शिकायत मिलने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस की इस कार्रवाई से त्योहारी आयोजनों के दौरान ध्वनि नियंत्रण नियमों का पालन कराने को लेकर पुलिस की सख्ती साफ नजर आई है।

Oplus_131072
Oplus_131072

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *