साइबर चौपाल में साइबर सुरक्षा का संदेश, पुलिस अधिकारियों ने किया रक्तदान
कोरबा। नगर निगम सभागार में कोरबा पुलिस की ओर से साइबर चौपाल एवं रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी देने के साथ पुलिस अधिकारियों ने रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने स्वयं रक्तदान किया और लोगों से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की। उन्होंने कहा कि रक्तदान जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले और नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी ने भी रक्तदान किया।
साइबर ठगी से बचने बताए उपाय
साइबर चौपाल के दौरान नागरिकों को ऑनलाइन ठगी और साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में जागरूक किया गया। लोगों को अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, ओटीपी और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा नहीं करने तथा अनजान मोबाइल एप डाउनलोड करने से बचने की सलाह दी गई।
पुलिस ने फर्जी कॉल, ऑनलाइन धोखाधड़ी और डिजिटल अरेस्ट जैसी साइबर ठगी से सावधान रहने की अपील की। साइबर अपराध होने पर तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत करने तथा नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम में पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम के माध्यम से पुलिस ने साइबर सुरक्षा के साथ-साथ रक्तदान और सामाजिक सेवा के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।


