कुसमुंडा खनन क्षेत्र में दो ट्रेलरों की भीषण टक्कर, एक चालक की मौत; मुआवजे और रोजगार की मांग को लेकर प्रदर्शन
कोरबा। आज सुबह कुसमुंडा खनन क्षेत्र में दो ट्रेलरों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में एक चालक की मौके पर मौत हो गई, जबकि दूसरा चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान रलिया निवासी विश्व प्रसाद बिट्टू के रूप में हुई है।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मृतक चालक ट्रेलर के केबिन में बुरी तरह फंस गया। काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला गया। वहीं घायल चालक को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
हादसे की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन और स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। परिवार और ग्रामीणों ने मुआवजे तथा परिवार के एक सदस्य को रोजगार देने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया।
सूचना मिलने पर कुसमुंडा थाना प्रभारी मृत्युंजय पांडे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों और परिजनों से बातचीत कर उन्हें समझाइश दी, जिसके बाद स्थिति शांत हुई। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।


