पानी के संकट से जूझ रहे यात्री: कटघोरा के सार्वजनिक शौचालय में दो दिनों से जलापूर्ति ठप, 15 दिनों से बंद है पेयजल सुविधा
कटघोरा। नगर पालिका परिषद कटघोरा के सामुदायिक एवं सार्वजनिक शौचालय में पिछले दो दिनों से जलापूर्ति बंद होने के कारण यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, यात्री प्रतीक्षालय में स्थापित शुद्ध पेयजल की सुविधा भी पिछले लगभग 15 दिनों से बंद पड़ी है, जिससे बाहर से आने वाले लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।

सुलभ शौचालय के केयरटेकर सुधीर ने बताया कि 16 अगस्त की शाम लगभग 4 बजे के बाद से शौचालय में पानी की आपूर्ति बंद है।

पानी नहीं होने के कारण शौचालय का उपयोग करने वाले यात्रियों को काफी असुविधा हो रही है।

यात्रियों का कहना है कि पानी की व्यवस्था नहीं होने के कारण उन्हें अपने साथ बोतलों में पानी लेकर शौचालय जाना पड़ रहा है। इतना ही नहीं, कई यात्रियों ने बताया कि जब वे बोतल में पानी लेकर शौचालय के अंदर जाने का प्रयास करते हैं, तब केयरटेकर सुधीर द्वारा उन्हें बोतल का उपयोग करने से रोका जाता है। इससे यात्रियों की परेशानी और बढ़ गई है।

वहीं, आसपास व्यवसाय करने वाले एक दुकानदार ने बताया कि यात्री प्रतीक्षालय में लगे शुद्ध पेयजल केंद्र में पिछले 15 दिनों से पानी नहीं आ रहा है। इसके कारण यात्रियों को पीने के पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने नगर पालिका प्रशासन से तत्काल शौचालय में जलापूर्ति बहाल करने और यात्री प्रतीक्षालय में शुद्ध पेयजल की व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की है, ताकि यात्रियों को बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान न होना पड़े।

