भिलाई बाजार में चलते इलेक्ट्रिक स्कूटर में लगी आग, भाई-बहन ने कूदकर बचाई जान; देखते ही देखते राख हुआ वाहन
भिलाई बाजार तालाब के पास की घटना, कुछ दिन पहले कटघोरा कॉलेज के पास भी इलेक्ट्रिक स्कूटर में लगी थी आग
कोरबा। जिले में इलेक्ट्रिक स्कूटर में आग लगने की एक और घटना सामने आई है। भिलाई बाजार तालाब के पास अचानक एक इलेक्ट्रिक स्कूटर में आग लग गई। स्कूटर पर सवार पीयूष कंवर और उनकी बहन ने समय रहते वाहन से कूदकर अपनी जान बचा ली। देखते ही देखते आग ने पूरे स्कूटर को अपनी चपेट में ले लिया और वाहन जलकर राख हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, पीयूष कंवर अपनी बहन के साथ कुसमुंडा से कटकिडाबारी लौट रहे थे। इसी दौरान भिलाई बाजार तालाब के पास उनके इलेक्ट्रिक स्कूटर में अचानक आग लग गई। स्थिति को भांपते हुए दोनों ने तत्काल स्कूटर से छलांग लगा दी। इस तरह दोनों की जान बच गई, लेकिन स्कूटर को आग से नहीं बचाया जा सका।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में इलेक्ट्रिक स्कूटर में आग लगने की घटना को लेकर लोगों के बीच चर्चा हो रही है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।
कुछ दिन पहले कटघोरा में भी हुई थी ऐसी घटना
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले कटघोरा कॉलेज के पास भी एक इलेक्ट्रिक स्कूटर में आग लगने की घटना सामने आई थी। जिले में कम समय के अंतराल में इलेक्ट्रिक स्कूटर में आग लगने की ऐसी घटनाओं से वाहनों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
फिलहाल भिलाई बाजार की घटना में आग लगने के कारणों की पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में यह स्पष्ट होना बाकी है कि आग तकनीकी खराबी, बैटरी में समस्या या किसी अन्य कारण से लगी। घटना ने इलेक्ट्रिक वाहनों के रखरखाव और सुरक्षा संबंधी सावधानियों पर चर्चा तेज कर दी है।



