रजगामार हत्याकांड: आरोपी हिरासत में, दूसरी पत्नी के पास गया था रजगामार तो मासूम बच्ची को देख किया वारदात
कोरबा। जिले के रजगामार क्षेत्र में सात वर्षीय मासूम बच्ची की हत्या के मामले में पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। कोरबा पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिए जाने की आधिकारिक पुष्टि की है। मामले में आज पुलिस द्वारा विस्तृत जानकारी दिए जाने की संभावना है।
गौरतलब है कि 19 अक्टूबर को रजगामार में घर से सामान लेने निकली सात वर्षीय बच्ची लापता हो गई थी। चार दिन बाद गुरुवार को उसका शव करीम पोल्ट्री फार्म के पीछे झाड़ियों में मिला था। मासूम का शव मिलने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी।

पुलिस डॉग बाघा की मदद से जांच को मिली दिशा
सूत्रों के मुताबिक, जांच के दौरान पुलिस डॉग बाघा से मिले संकेतों के आधार पर संदिग्ध तक पहुंचने में मदद मिली। मामले में अजय उर्फ अमित चौहान (42) का नाम आरोपी के रूप में सामने आया है। हालांकि, आरोपी की पहचान और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है।

कोरबा पुलिस ने जारी की आधिकारिक सूचना
कोरबा पुलिस, जिला कोरबा की ओर से जारी सूचना में कहा गया है, “चौकी रजगामार क्षेत्र में 7 वर्षीय बालिका की हत्या के मामले में आरोपी को हिरासत में लिया गया है। आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। प्रकरण के संबंध में पृथक से विस्तृत जानकारी दी जाएगी।”
पुलिस की इस आधिकारिक पुष्टि के बाद अब मामले से जुड़े अन्य तथ्यों के सामने आने का इंतजार है। आज पुलिस द्वारा विस्तृत खुलासा किए जाने की संभावना है। हत्या के कारणों और घटना से जुड़े पूरे घटनाक्रम की जानकारी पुलिस के आधिकारिक बयान के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।



