Uncategorized

पोंडी उपरोड़ा में धूमधाम से मनाया गया गौरी पूजन, बाजे-गाजे के साथ मां गौरी और भगवान शिव की प्रतिमाओं का हुआ विसर्जन

पोंडी उपरोड़ा। पोंडी उपरोड़ा के गोंडपारा में गौरी पूजन महिला समिति द्वारा प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी नवरात्र के अवसर पर मां गौरी एवं भगवान शिव की प्रतिमाएं स्थापित कर विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया गया। पूरे नवरात्र गांव में भक्तिमय माहौल बना रहा। प्रतिदिन संध्या आरती के बाद डांडिया नृत्य, भजन-कीर्तन और छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय डांस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

Oplus_131072

प्रतिमा स्थापना के साथ ही धार्मिक अनुष्ठानों की शुरुआत हुई। ग्राम बैगा अश्वनी कंवर द्वारा विधि-विधान से स्थापना, हवन एवं पूजन संपन्न कराया गया। नवरात्र के दौरान आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में छत्तीसगढ़ के एक दर्जन जिलों से आए प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। राज्य स्तरीय डांस प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अपनी कला और प्रतिभा का प्रदर्शन कर आयोजन को आकर्षक बनाया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण संस्कृति एवं परंपराओं को जीवित रखना आवश्यक है। इस तरह के आयोजनों से युवाओं में अपनी लोक संस्कृति के प्रति जागरूकता बढ़ती है और धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने का अवसर मिलता है।

नवमी तिथि पर बैंड-बाजे और धुमाल के साथ गांव में भ्रमण करते हुए मां गौरी एवं भगवान शिव की प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। इस दौरान श्रद्धा और उत्साह का माहौल रहा। आयोजन को सफल बनाने में गौरी पूजन महिला समिति के साथ युवा समिति की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।

आयोजन में महिपाल दास, सीताराम यादव, मोहनदास, मनमोहन श्रीवास, जोहन दास, लक्ष्मी दास सहित गांव के वरिष्ठजनों का विशेष योगदान रहा। धार्मिक अनुष्ठानों, भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के चलते पूरे नवरात्र पोंडी उपरोड़ा का गोंडपारा भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा।

Oplus_131072

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *