दशहरा की रात मुड़ापार में चाकू मारकर युवक की हत्या, रातभर सर्चिंग कर पुलिस ने 3 आरोपी को किया गिरफ्तार; एक की तलाश जारी
कोरबा। दशहरा की रात कोरबा के मानिकपुर क्षेत्र अंतर्गत मूड़ापार में चाकूबाजी की घटना में 22 वर्षीय राहुल कुमार उर्फ गोल्डन की हत्या कर दी गई। रावण दहन देखने पहुंचे राहुल का युवकों के दूसरे गुट से विवाद हो गया, जिसने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। इस दौरान राहुल पर चाकू से कई वार किए गए। गंभीर रूप से घायल राहुल को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोरबा पुलिस ने रातभर सर्च अभियान चलाकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

रावण दहन मैदान के पीछे हुआ विवाद
मिली जानकारी के अनुसार, राहुल कुमार उर्फ गोल्डन बिहार का रहने वाला था। वह अपने चार दोस्तों के साथ मूड़ापार बाजार मैदान में रावण दहन देखने पहुंचा था। इसी दौरान रावण दहन मैदान के पीछे बस्ती में एक पुराने पेड़ के पास उसका दूसरे गुट के युवकों से विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और चाकूबाजी की घटना हो गई। राहुल को गंभीर हालत में जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। घटना में एक अन्य युवक के घायल होने की जानकारी भी आ रहा है
एसपी सिद्धार्थ तिवारी के मुताबिक
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि मानिकपुर क्षेत्र के मूड़ापार में चाकू मारकर एक युवक की हत्या की गई है। पुलिस ने पूरी रात सर्च अभियान चलाकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

वरिष्ठ अधिकारियों ने रात से ही संभाला मोर्चा
घटना के बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी, कोतवाली थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू और मानिकपुर पुलिस सहायता केंद्र प्रभारी परमेश्वर राठौर सहित पुलिस बल कार्रवाई में जुटा रहा। पुलिस अधिकारियों की निगरानी में आरोपियों की तलाश की गई। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम भी पहुंची और वारदात से जुड़े तकनीकी व अन्य साक्ष्य जुटाए, ताकि घटना की परिस्थितियों और आरोपियों की भूमिका की जांच की जा सके।

छह महीने पहले खाना बनाने के लिए बुलाए जाने की भी चर्चा
मामले से जुड़ी जानकारी में राहुल को करीब छह महीने पहले खाना बनाने के लिए बुलाए जाने की बात भी सामने आई है। हालांकि, इस बात का मौजूदा विवाद और हत्या की घटना से क्या संबंध है, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस घटना के कारणों और वारदात में शामिल लोगों की भूमिका सहित अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
दशहरे के उत्सव के बीच हुई इस वारदात से मूड़ापार क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस फरार आरोपी को गिरफ्तार करने के प्रयास में जुटी है। मामले में जांच और आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।



