मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत 850 श्रद्धालु जगन्नाथ पुरी रवाना, मंत्री लखन लाल देवांगन ने दिखाई हरी झंडी

कोरबा रेलवे स्टेशन से रवाना हुई भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन, बुजुर्गों को जगन्नाथ पुरी, लिंगराज और कोणार्क मंदिर के होंगे दर्शन
कोरबा। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत बिलासपुर संभाग के लगभग 850 श्रद्धालु जगन्नाथ पुरी मंदिर, लिंगराज मंदिर और कोणार्क मंदिर के दर्शन के लिए रवाना हुए। शुक्रवार को कोरबा रेलवे स्टेशन से भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन को छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्य एवं उद्योग, वाणिज्यिक कर (आबकारी) तथा श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन, महापौर संजू देवी राजपूत और जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने तीर्थयात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए उनकी सुखद, सुरक्षित और मंगलमय यात्रा की कामना की।

बुजुर्गों के तीर्थ दर्शन का सपना साकार कर रही सरकार
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के नेतृत्व में शुरू की गई मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के माध्यम से बुजुर्गों को तीर्थ यात्रा का अवसर मिलता था। प्रदेश में सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस जनकल्याणकारी योजना को फिर से शुरू किया है, जिससे बुजुर्गों को तीर्थ स्थलों के दर्शन का अवसर मिल रहा है।
मंत्री देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सफाई कर्मियों के पैर धोकर उनका सम्मान करते हैं। इसी भावना के अनुरूप मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय प्रदेश के बुजुर्गों को तीर्थ दर्शन का अवसर प्रदान कर उनका सम्मान और अभिनंदन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह योजना बुजुर्गों के प्रति सम्मान, संवेदनशीलता और सेवा भाव का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत पहली ट्रेन कोरबा जिले से रवाना की जा रही है, जो जिले के लिए गौरव का विषय है। प्रदेश सरकार बुजुर्गों की आस्था का सम्मान करने और उनके तीर्थ दर्शन के सपनों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं को बधाई देते हुए उनकी सुखद यात्रा की कामना की।

आर्थिक अभाव के कारण अधूरा रह जाता है बुजुर्गों का तीर्थ यात्रा का सपना
महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि तीर्थ यात्रा करना हर बुजुर्ग का सपना होता है, लेकिन आर्थिक स्थिति और अन्य साधनों की कमी के कारण कई बार वे अपनी इच्छा पूरी नहीं कर पाते। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के माध्यम से बुजुर्गों के इस सपने को साकार कर रही है। यह योजना उनके लिए आनंद, आस्था और सम्मान का अवसर लेकर आई है।
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे उपस्थित
इस अवसर पर प्रेम कुमार साहू, फिरत राम साहू, समाज कल्याण विभाग के उपसंचालक, नगर निगम के अपर आयुक्त पवन वर्मा, प्रफुल्ल तिवारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।



