Uncategorized

कोरबा के इंडस्ट्रियल एरिया स्थित कार्बन फैक्ट्री में लगी भीषण आग, मचा हड़कंप

कोरबा। शहर के खरमोरा वार्ड में स्थित इंडस्ट्रियल एरिया के एक फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही पूरे इलाके में हड़कंप। आग की ऊंची-ऊंची लपटें और काले धुएं का घना गुबार कई किलोमीटर तक आसमान में नजर आया। प्रशासन-पुलिस की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर 3 घंटे में आग पर काबू पाया। इंडस्ट्रियल एरिया में स्थित कार्बन फैक्ट्री में शनिवार की दोपहर जब आग लगी तब कई मजदूर परिसर में मौजूद थे, जिन्होंने भागकर अपनी जान बचाई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक फैक्ट्री से पहले धुआं निकलता दिखाई दिया, जिसके कुछ ही देर बाद आग ने तेजी से विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटें लगातार बढ़ती चली गईं और देखते ही देखते फैक्ट्री का बड़ा हिस्सा इसकी चपेट में आ गया। घटना की सूचना तत्काल दमकल विभाग को दी गई। नगर सेना, बालको, बिजली कंपनी समेत कई उपक्रमों से दमकल की टीमें मौके पर पहुंची। एसपी सिद्धार्थ तिवारी, एडिशनल एसपी नीतिश ठाकुर, सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी, सिविल लाइन थाना प्रभारी आस्था शर्मा, बालको थाना प्रभारी निरीक्षक युवराज तिवारी, रक्षित निरीक्षक अनथराम पैकरा समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंची। एसडीएम सरोज महिलांगे समेत प्रशासन के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। रेस्क्यू ऑपरेशन चलाते हुए पूरे क्षेत्र को ब्लॉक कर आम आवाजाही रोक दी गई। फैक्ट्री के चारों ओर से दमकल की टीमों की मदद से लगातार पानी की बौछार की गई, आग की तीव्रता को देखते हुए अतिरिक्त दमकल को मौके पर बुलाया गया। फोम टेंडर भी पहुंचे। करीब 3 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। बताया जाता है कि फैक्ट्री में केमिकल टैंक समेत एक टैंकर पूरी तरह से आग की चपेट में आकर जल गया। अधिकारियों के मुताबिक आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट या किसी तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण का पता जांच के बाद ही लगेगा। फैक्ट्री मालिक की ओर से नुकसान का आंकलन नहीं बताया गया है, हालांकि फैक्ट्री में रखे लाखों रुपये के कच्चे माल, मशीनरी और अन्य सामान के जलने की आशंका व्यक्त की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *