कटघोरा के सराफा दुकान में कट्टा दिखाकर मिर्च पाउडर झोंकने वाले लुटेरों की तस्वीर जारी, सूचना देने वाले को मिलेगा 10 हजार इनाम

कोरबा। जिला पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने कटघोरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम छुरीकला में राज ज्वेलर्स हुई लूट की कोशिश के मामले में फरार अज्ञात आरोपियों की तस्वीर जारी की है। इसके साथ ही पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी में मदद करने वाली सही सूचना देने वाले व्यक्ति को 10,000 रुपये का नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।जाने क्या है पूरा मामलामिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 01 जुलाई 2026 को छुरीकला स्थित ‘राज ज्वेलर्स’ नामक सराफा दुकान में तीन अज्ञात नकाबपोश बदमाश लूट की नीयत से घुसे थे। बदमाशों ने दुकान संचालक को डराने के लिए देशी कट्टा दिखाया और उसकी आँखों में मिर्च पाउडर झोंककर लूट का प्रयास किया। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना कटघोरा में अपराध क्रमांक 237/2026 के तहत बीएनएस (BNS) की धारा 309(6) एवं 25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।


सीसीटीवी (CCTV) फुटेज से मिली तस्वीरें
घटना के बाद से ही तीनों नकाबपोश आरोपी फरार हैं। पुलिस लगातार उनकी तलाश में जुटी हुई है, लेकिन अब तक उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस ने घटना स्थल और आस-पास के सीसीटीवी कैमरों को खंगाला, जिससे आरोपियों की तस्वीरें सामने आई हैं, जिन्हें अब सार्वजनिक किया गया है।
सूचना देने वाले की पहचान रखी जाएगी गुप्त
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि जो भी व्यक्ति इन आरोपियों के संबंध में ऐसी महत्वपूर्ण जानकारी देगा जिससे उनकी गिरफ्तारी हो सके, उसे 10 हजार रुपये के नगद पुरस्कार से नवाजा जाएगा। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।
अगर आपको कोई जानकारी मिले तो यहाँ सूचना देवें:
पुलिस अधीक्षक जिला-कोरबा: 07759-224500थाना कटघोरा: 07815-250331पुलिस नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) कोरबा: 07759-224031, 222483