खनिज माफियाओं पर ड्रोन का शिकंजा: सीतामढ़ी में आसमान से निगरानी, अवैध उत्खनन करते 3 वाहन जब्त

कोरबा। जिले में अवैध रेत खनन के खिलाफ प्रशासन ने अब हाईटेक रणनीति अपनाई है। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश पर खनिज विभाग ने सीतामढ़ी स्थित हसदेव नदी में ड्रोन कैमरे से औचक निगरानी कर कार्रवाई की। ड्रोन की नजर पड़ते ही अवैध उत्खनन में लगे वाहन भागने लगे, लेकिन उनकी हर गतिविधि कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।

ड्रोन फुटेज के आधार पर खनिज उड़नदस्ता दल ने इमलीडुग्गू में दबिश देकर अवैध उत्खनन में प्रयुक्त एक जेसीबी और रेत से भरे एक टीपर को जब्त कर खनिज जांच चौकी उरगा की अभिरक्षा में रखा। वहीं राताखार क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन करते मिले एक ट्रैक्टर को भी जब्त कर रामपुर थाना के सुपुर्द किया गया।

खनिज विभाग के अनुसार अभियान का उद्देश्य जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर प्रभावी रोक लगाना, प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा करना तथा शासकीय राजस्व की हानि रोकना है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957, छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 सहित अन्य प्रावधानों के तहत सख्त कार्रवाई की जा रही है।
सहायक खनि अधिकारी राकेश वर्मा ने बताया कि अब खनिज माफियाओं पर आसमान से ड्रोन की नजर रहेगी। रात के अंधेरे में होने वाले अवैध उत्खनन और परिवहन पर भी थर्मल इमेजिंग तकनीक से निगरानी रखी जाएगी। ड्रोन कैमरे में रिकॉर्ड होने के बाद वाहन छिप जाने पर भी कार्रवाई से बच नहीं सकेंगे। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।


