Uncategorized

भाजपा नेता पर जानलेवा हमला: पुलिस ने रज्जाक अली समेत 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर शहर में पैदल घुमाया

कोरबा। भाजपा नेता एवं पूर्व बालको मंडल अध्यक्ष शिव बालक सिंह तोमर पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी रज्जाक अली समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों की शहर में पैदल परेड कराकर उनकी हेकड़ी सड़कों पर उतार दी और कानून का सख्त संदेश दिया।

जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से शिव बालक सिंह तोमर पर हमला कर दिया। हमलावरों ने रॉड, डंडों और बेसबॉल स्टिक से उनके पैरों, खासकर घुटनों के नीचे बेरहमी से वार किए। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि एक आरोपी तलवार लेकर भी मौके पर पहुंचा था, जिससे घटना की गंभीरता और बढ़ गई।
हमले में गंभीर रूप से घायल तोमर को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और हत्या के प्रयास सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस की मुस्तैदी का नतीजा रहा कि मुख्य आरोपी रज्जाक अली सहित चारों आरोपियों को कुछ ही समय में गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद पुलिस ने उन्हें शहर की सड़कों पर पैदल घुमाकर आम जनता को यह संदेश दिया कि कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
घटना के बाद केबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन और भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी सहित कई जनप्रतिनिधि अस्पताल पहुंचे और घायल तोमर का हालचाल जाना। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए, जिसके बाद पुलिस ने तेजी दिखाते हुए आरोपियों पर शिकंजा कस दिया।
इस पूरी कार्रवाई की शहरभर में सराहना हो रही है, वहीं आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों में खौफ का माहौल देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *