ओम गवेल बने कोरबा जिला महासचिव, संगठन ने जताया भरोसा

कोरबा। छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ की जिला इकाई कोरबा में हुए महत्वपूर्ण निर्णय के तहत सक्रिय और संघर्षशील पत्रकार ओम गवेल को जिला महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह निर्णय कटघोरा में आयोजित बैठक में प्रदेश नेतृत्व की अनुशंसा और जिला मार्गदर्शन मंडल के मार्गदर्शन में लिया गया।
ओम गवेल लंबे समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाते आ रहे हैं। उन्होंने कुसमुंडा ब्लॉक में लगातार 5 वर्षों तक अध्यक्ष पद का सफलतापूर्वक निर्वहन करते हुए पत्रकारों के हित में कई उल्लेखनीय कार्य किए। उनके नेतृत्व में कुसमुंडा में आयोजित जिलास्तरीय कार्यक्रम को व्यापक सराहना मिली थी, जिससे उनकी संगठनात्मक क्षमता और नेतृत्व कौशल स्पष्ट रूप से सामने आया।
नवनियुक्त महासचिव ओम गवेल ने इस जिम्मेदारी को अपने लिए सम्मान के साथ-साथ एक बड़ी जिम्मेदारी बताया। उन्होंने कहा कि श्रमजीवी पत्रकार संघ केवल एक संगठन नहीं, बल्कि पत्रकारों की आवाज है, जो उनके अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए निरंतर कार्य करता है। वे संगठन को और मजबूत बनाने, पत्रकारों की सुरक्षा और निष्पक्ष पत्रकारिता को बढ़ावा देने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे।
ओम गवेल के मार्गदर्शन में कुसमुंडा क्षेत्र में पत्रकारों के लिए भवन निर्माण की पहल भी आगे बढ़ रही है, जिसकी घोषणा प्रदेश के उद्योग मंत्री द्वारा की जा चुकी है। इससे क्षेत्र के पत्रकारों को एक स्थायी मंच मिलने की उम्मीद है।
उनकी नियुक्ति पर जिले भर के पत्रकारों और पदाधिकारियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। संगठन ने उनके अनुभव और समर्पण पर भरोसा जताते हुए यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।
