लगातार मेहनत के बाद बड़ी सफलता: कटघोरा पुलिस ने एक साल पुरानी चोरी का किया खुलासा, 8 लाख के जेवरात बरामद

कटघोरा।,“सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कटघोरा पुलिस की लगातार मेहनत और सतत प्रयासों का बड़ा परिणाम सामने आया है। एक वर्ष पूर्व अधिवक्ता के घर हुई चोरी की गुत्थी को सुलझाते हुए पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य संलिप्त आरोपियों की तलाश अभी जारी है।
जानकारी के अनुसार 19 अप्रैल 2025 को पुरानी बस्ती कटघोरा निवासी अधिवक्ता राकेश पांडेय के सूने मकान में अज्ञात आरोपियों ने ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।

इस दौरान करीब 10 तोला सोने के जेवरात, जिसमें रानी हार सेट, झुमके, सोने की चेन, चांदी की पायल सहित लगभग 50 हजार रुपये नगद चोरी कर लिए गए थे। घटना में मोटरसाइकिल का भी उपयोग किया गया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए कटघोरा पुलिस ने लगातार तकनीकी साक्ष्य जुटाए, मुखबिर तंत्र को सक्रिय रखा और संदिग्धों पर नजर बनाए रखी। लंबी जांच और मेहनत के बाद पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिला, जिसके आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम ने घेराबंदी कर अमित खांडे और गौतम कुमार को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर चोरी किए गए रानी हार सेट (एक नग), झुमका और फैंसी चेन, पायल (दो नग), नगदी (लगभग 3000 रुपये) तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई। कुल मिलाकर लगभग 8 लाख रुपये का मसरूका पुलिस ने जब्त किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी अमित खांडे का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है।
गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, वहीं फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
कटघोरा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि घर से बाहर जाते समय सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करें, CCTV कैमरे चालू रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
कटघोरा पुलिस की इस कार्रवाई ने यह साबित किया है कि लगातार प्रयास और सतर्कता से पुराने मामलों का भी सफलतापूर्वक खुलासा किया जा सकता है, जिससे आमजन में सुरक्षा और विश्वास का माहौल मजबूत होता है।


