Uncategorized

कटघोरा में सुतर्रा-लखनपुर बायपास पर ट्रेलर ने स्कूटी को मारी टक्कर, युवक की मौत, महिला गंभीर

कोरबा। कटघोरा–लखनपुर मुख्य मार्ग स्थित बगदेवा मोड़/ सुतर्रा बाइपास पर मंगलवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में स्कूटी (एक्टिवा) सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ सवार महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई और आक्रोशित परिजनों व ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर कुछ देर के लिए चक्काजाम कर दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, युवक जो पेशे से टाइल्स मिस्त्री थे, अपनी साथी महिला के साथ एक्टिवा से काम के सिलसिले में बाकीमोंगरा जा रहे थे। इसी दौरान बगदेवा मोड़ के पास तेज रफ्तार हाइवा/ट्रेलर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं।

घायल महिला को तत्काल कटघोरा स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल कोरबा रेफर कर दिया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। वहीं पोड़ी तहसीलदार भी घटनास्थल पर मौजूद रहे। आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने कुछ समय के लिए चक्काजाम कर दिया, जिसे प्रशासन द्वारा समझाइश और प्रारंभिक राहत राशि दिए जाने के बाद समाप्त कराया गया।
पुलिस ने आरोपी वाहन और चालक को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Oplus_131072

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *