Uncategorized

हैवानियत की हद: मासूम से दुष्कर्म की कोशिश के बाद पत्थर से हत्या, शव कुएं में फेंका

कोरबा। पाली थाना क्षेत्र के ग्राम गणेशपुर में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। यहां 19 वर्षीय युवक रंजीत कुमार ने नशे की हालत में 7 साल के मासूम के साथ दुष्कर्म की कोशिश की और विरोध करने पर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी ने शव को कुएं में फेंककर सबूत मिटाने का प्रयास किया।
जानकारी के अनुसार, 2 अप्रैल की दोपहर मासूम अपने दोस्तों के साथ गांव के तालाब में नहाने गया था। उसके साथी घर लौट आए, लेकिन आयान वापस नहीं पहुंचा। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, रिश्तेदारों और आसपास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसी दौरान ग्रामीणों ने बताया कि बच्चे को आखिरी बार रंजीत कुमार के साथ देखा गया था।
मामले की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी नागेश तिवारी मौके पर पहुंचे और संदेही रंजीत को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की। पहले तो वह गुमराह करता रहा, लेकिन सख्ती से पूछने पर उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
आरोपी ने बताया कि वह नशे की हालत में तालाब पहुंचा था, जहां उसकी नीयत बिगड़ गई। उसने बच्चे को बहला-फुसलाकर सुनसान जगह ले जाकर गंदी हरकत करने की कोशिश की। बच्चे के विरोध और शोर मचाने पर घबराकर उसने पास पड़े पत्थर से उसके सिर पर कई वार कर उसकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपी ने शव को पड़ोसी गांव करतली के खेत में स्थित करीब 12 फीट गहरे कुएं में फेंक दिया और अपने घर लौट आया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर कुएं से मासूम का शव बरामद कर लिया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने नशे और पकड़े जाने के डर में इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या समेत गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
थाना प्रभारी नागेश तिवारी ने लोगों से अपील की है कि बच्चों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

Oplus_131072

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *