खुले लोहे ने मचाया कहर: ट्रेलर से टकराकर बस का आधा हिस्सा उखड़ा, यात्रियों में मची चीख-पुकार
कोरबा-पसान। पेंड्रा से कोरबा आ रही जय श्री (राजपूत कंपनी) की यात्री बस क्रमांक CG 10 BG 1600 बुधवार सुबह करीब 9 बजे एक बड़े हादसे का शिकार हो गई। हादसा ग्राम लैंगा के पास बांस प्लांट मार्ग में हुआ, जहां ट्रेलर में बाहर निकले लोहे ने बस को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के बाद बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
पसान थाना प्रभारी एसआई चन्द्रपाल खाण्डे के अनुसार, बस पेंड्रा से कोरबा की ओर आ रही थी। इसी दौरान सामने से आ रहा ट्रेलर (CG 10-1301), जो दुर्ग से मध्य प्रदेश की ओर जा रहा था, उसमें रेलवे निर्माण कार्य से संबंधित लोहे की सामग्री लोड थी। ट्रेलर में लोड लोहे का कुछ हिस्सा बाहर की ओर निकला हुआ था।
दोनों वाहनों के पास-पास से गुजरने के दौरान ट्रेलर से निकला हुआ लोहा बस से रगड़ते हुए निकल गया, जिससे बस के चालक साइड का लगभग आधा हिस्सा बीच से उखड़ गया। हादसे की भयावहता देखकर यात्रियों में दहशत फैल गई।
इस दुर्घटना में ग्राम पत्थरफोड़ (पसान) निवासी महिला परसिया बाई को अपेक्षाकृत अधिक चोट आई है, जबकि अन्य दो यात्रियों को भी हल्की चोटें आईं। सभी घायलों का उपचार कर उन्हें छुट्टी दे दी गई।
बस चालक पंकज यादव की रिपोर्ट पर पुलिस ने ट्रेलर चालक सौरभ पटेल के खिलाफ बीएनएस की धारा 281, 125(ए) एवं मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 के तहत मामला दर्ज कर ट्रेलर को जब्त कर लिया है।



