मुख्यमंत्री बिजली बिल समाधान योजना से उपभोक्ताओं को बड़ी राहत,केराझरिया, (पाली) समाधान शिविर में लाखों की छूट

कोरबा। छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी द्वारा संचालित मुख्यमंत्री बिजली बिल समाधान योजना के तहत उपभोक्ताओं को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से पाली सब-डिवीजन अंतर्गत ग्राम केराझरिया में विशेष समाधान शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में वितरण कंपनी के प्रबंध निदेशक भीम सिंह कंवर शामिल हुए और उपभोक्ताओं से योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। इस दौरान 20 पात्र उपभोक्ताओं ने कुल 1 लाख 29 हजार रुपये की राशि जमा की, जबकि उन्हें योजना के तहत 3 लाख 48 हजार रुपये की छूट प्रदान की गई।
यह योजना कोरोना काल में आर्थिक रूप से प्रभावित निम्नदाब घरेलू, बीपीएल एवं कृषि उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए संचालित की जा रही है, जिसमें बकाया बिल पर सरचार्ज पूरी तरह माफ किया जा रहा है और मूल राशि में भी 50 प्रतिशत तक की छूट दी जा रही है।

शिविर के दौरान मानवीय संवेदनशीलता का उदाहरण भी सामने आया। ग्राम केराझरिया निवासी जगत प्रसाद के परिवार ने आर्थिक तंगी के कारण बकाया बिजली बिल जमा करने में असमर्थता जताई। इस पर प्रबंध निदेशक की पत्नी मंजुला सिंह कंवर ने आगे बढ़कर 8 हजार 22 रुपये की बकाया राशि स्वयं जमा कर दी, जिससे संबंधित उपभोक्ता का बिजली बिल पूरी तरह शून्य हो गया।
शिविर में ज्ञान सिंह राजपाल, प्रयाग नारायण सिंह, ए.के. अंबस्ट (कार्यपालक निदेशक, बिलासपुर), बी.के. सरकार (अधीक्षण यंत्री, कोरबा), अंशु वार्शने (कार्यपालन यंत्री, कटघोरा), शेखर सोनी (सहायक अभियंता, कटघोरा), एन.पी. सोनी (सहायक अभियंता, पाली) एवं मुंजि तिग्गा (कनिष्ठ अभियंता, पाली) सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।



