हिंदू नव वर्ष की शोभायात्रा के दौरान पुलिस की चाक-चौबंद व्यवस्था, एसपी ने दिया निर्देश…उपद्रव करने पर खैर नहीं

कोरबा। हिंदू नववर्ष के अवसर पर शहर में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। शहर के विभिन्न इलाकों में पुलिस की चाक-चौबंद व्यवस्था की गई है, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।
इसी कड़ी में एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने स्वयं मोर्चा संभालते हुए पुलिस लाइन में अधिकारियों और जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सभी को सतर्क रहकर ड्यूटी निभाने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

सुरक्षा में तैनात रहेंगे 500 पुलिस कर्मी
हिंदू नववर्ष के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए गुरुवार को 500 पुलिस जवान मुस्तैद रहेंगे। एडिशनल एसपी लखन पटले के मुताबिक एक ओर बजरंग दल द्वारा कोसाबाड़ी से ट्रांसपोर्टनगर तक आयोजित शोभायात्रा के लिए 250 जवान व दूसरी ओर हिंदू क्रांति सेना द्वारा सीतामणी से ट्रांसपोर्टनगर तक निकाले जाने वाले शोभायात्रा के लिए 250 जवान ड्यूटी पर लगाए जाएंगे। प्रत्येक झाकी के पीछे और पूरे रूट पर चप्पे-चप्पे पर पुलिस जवान तैनात रहेंगे। भीड़भाड़ के दौरान अप्रिय स्थिति न हो इसके लिए सभी पुलिस अधिकारी व शहरी व उपनगरीय क्षेत्र के थाना प्रभारी भी सुरक्षा ड्यूटी पर रहेंगे। वहीं ड्रोन से निगरानी की जाएगी। ऊंची बिल्डिंग से भी दूरबीन के जरिए भीड़ पर नजर रखी जाएगी।

एसपी ने साफ तौर पर कहा कि त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था बिगाड़ने या उपद्रव करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस टीम को शहर के संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन की इस सख्ती के बीच आम नागरिकों से भी शांति बनाए रखने और पुलिस का सहयोग करने की अपील की गई है, ताकि त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया जा सके।



