Uncategorized

कोरबा निगम की नई पहल: 3 रंग के लेटर बॉक्स में डालें “मेयर की पाती”, 24 घंटे में होगा समाधान

कोरबा। नगर पालिक निगम कोरबा ने आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए एक नई जनकल्याणकारी पहल “मेयर की पाती” की शुरुआत की है। निगम के मुख्य प्रशासनिक भवन साकेत परिसर में महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत और आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने इस व्यवस्था का शुभारंभ किया। इस पहल के तहत अब पानी, बिजली और साफ-सफाई से जुड़ी शिकायतों का समाधान 24 घंटे के भीतर अनिवार्य रूप से किया जाएगा।

इस व्यवस्था के अंतर्गत साकेत भवन के प्रवेश द्वार पर तीन रंगों के लेटर बॉक्स लगाए गए हैं। नीले रंग के लेटर बॉक्स में पेयजल से संबंधित शिकायतें, पीले रंग के बॉक्स में स्ट्रीट लाइट और विद्युत से जुड़ी समस्याएं तथा हरे रंग के बॉक्स में साफ-सफाई से संबंधित शिकायतों के आवेदन आम नागरिक डाल सकेंगे।
इन लेटर बॉक्स में प्राप्त शिकायत पत्रों को तत्काल निकालकर कम्प्यूटर में दर्ज किया जाएगा और संबंधित प्रभारी अधिकारी को व्हाट्सऐप के माध्यम से भेजा जाएगा। शिकायत मिलते ही अधिकारी समस्या पर तुरंत संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई करेंगे और 24 घंटे के भीतर उसका समाधान सुनिश्चित करेंगे। यदि किसी कारण से निर्धारित समय में समाधान संभव नहीं हो पाता है तो प्रभारी अधिकारी को उसका ठोस कारण बताते हुए निगम आयुक्त को प्रतिवेदन देना होगा और समाधान की समयसीमा भी बतानी होगी।
महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत और आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने कहा कि शहर के विकास, नागरिक सुविधाओं में सुधार और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से यह पहल की गई है, जिससे आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए भटकना न पड़े और समयसीमा में राहत मिल सके।
इस अवसर पर पूर्व सभापति रामनारायण सोनी, एमआईसी सदस्य अजय गोंड़, पार्षद पंकज देवांगन, अशोक चावलानी, अपर आयुक्त विनय मिश्रा, उपायुक्त पवन वर्मा, कार्यपालन अभियंता राकेश मसीह, निगम सचिव रामेश्वर सिंह कंवर, सहायक अभियंता राहुला मिश्रा, रितेश सिंह, प्र. संपदा अधिकारी सचिन तिवारी, स्वच्छता निरीक्षक सचीनद्र थाईवत, गिरवर विश्वकर्मा सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Oplus_131072

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *