कोरबा

कार्तिक पूर्णिमा स्नान करने बांगो डेम पहुंचा था परिवार, नीचे नदी में उतरते ही दो गेट खुला, जलस्तर बढ़ने से फंसे, पुराने पुल के मलबा में चढ़कर बचाई जान

कोरबा। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर आज सुबह बांकीमोंगरा से रंजन वर्मा अपने परिवार के सदस्य के साथ स्नान करने बांगो डेम गया था। 6 सदस्यीय परिवार में 3 महिलाएं, 1 बच्चा समेत 2 पुरुष शामिल थे। वे डेम के नीचे नदी में उतरकर हसदेव नदी में स्नान कर रहे थे। इस दौरान डेम का गेट खोलने के लिए सायरन बजाया गया। स्नान में व्यस्त परिवार को सायरन सुनाई नहीं दिया। इस बीच दो गेट खुले तो नदी में अचानक जलस्तर बढ़ गया और सभी सदस्य पानी में फंस गए। इस दौरान उन्होंने सूझबूझ से नीचे नदी पर पुराने पुल के मलबा के ऊपर चढ़कर जान बचाई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग डेम के नीचे नदी में फंसे लोगों को बचाने में जुट गए। गेट बंद करवाकर जलस्तर कम कराया गया। जिसके बाद उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला गया।