कोरबा में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का आंदोलन तेज, कटघोरा, पाली और पोड़ी उपरोड़ा ब्लॉक की कार्यकर्ताओं ने खोला मोर्चा
कोरबा। जिले में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं का दो दिवसीय आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। इस बार कटघोरा, पाली और पोड़ी उपरोड़ा ब्लॉक की कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर अपनी मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
प्रदर्शन कर रही कार्यकर्ताओं का कहना है कि वे वर्षों से प्रतिदिन 8 घंटे से अधिक कार्य कर रही हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें कर्मचारी का दर्जा, न्यूनतम वेतन और सामाजिक सुरक्षा का लाभ नहीं मिल पा रहा है। उनका आरोप है कि शासन अब भी उन्हें केवल “स्कीम वर्कर” मानकर देख रहा है, जबकि वे बहुत वर्षों से महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं को जमीनी स्तर पर संचालित कर रही हैं।

कार्यकर्ताओं ने सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों और सोशल सिक्योरिटी कोड 2020 का हवाला देते हुए मांग की है कि उन्हें भी नियमित कर्मचारियों की तरह सामाजिक सुरक्षा का लाभ दिया जाए। साथ ही मध्यप्रदेश की तर्ज पर हर वर्ष मानदेय वृद्धि लागू करने की भी मांग उठाई गई है।

आंदोलनकारी महिलाओं ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा और आवश्यकता पड़ने पर इसे और व्यापक रूप दिया जाएगा। उनका कहना है कि सरकार का रवैया उनके प्रति उदासीन बना हुआ है, जिससे कार्यकर्ताओं में आक्रोश बढ़ रहा है।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने एकजुटता दिखाते हुए कहा कि वे अपने अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखेंगी और सरकार से शीघ्र सकारात्मक निर्णय की अपेक्षा करती हैं।


