4 साल से अटकी है सीटी स्कैन मशीन की खरीदी प्रक्रिया, मरीज हो रहे परेशान

3 साल से सीजीएमएससी ने फाइल दबाकर रखी तो 1 साल से स्थानीय स्तर पर खरीदने का चल रहा है प्रयास
कोरबा। मेडिकल कॉलेज संबद्ध जिला अस्पताल में सीटी स्कैन मशीन खरीदी की प्रक्रिया 4 साल से कागज में उलझी हुई है। 3 साल में सीजीएमएससी मशीन नहीं खरीद सकी तो अब स्थानीय स्तर पर जैम पोर्टल से खरीदी अटकी है। इस कारण से मरीजों को परेशान होना पड़ रहा है।

जिले में किसी भी सरकारी अस्पताल में सीटी स्कैन मशीन से जांच की सुविधा नहीं है। कोविड काल में सीटी स्कैन मशीन की आवश्यकता को देखते हुए जिला अस्पताल के लिए सीएसआर से खरीदी की पहल जिला प्रशासन ने की थी। इस बीच जिला अस्पताल के मेडिकल कॉलेज संबद्ध होने से मरीजों की संख्या बढ़ने से आवश्यकता और भी ज्यादा बढ़ गई।

शासन के गाइडलाइन के तहत सीटी स्कैन मशीन खरीदी के लिए सीजीएमएससी को आर्डर करते हुए 2 करोड़ रुपए अग्रिम राशि का भुगतान कर दिया गया। लेकिन करीब 3 साल से सीजीएमएससी सीटी स्कैन मशीन की खरीदी नहीं कर सकी। ऐसे में जिला प्रशासन ने डीएमएफ से जैम पोर्टल से खरीदी की स्वीकृति दी। 1 साल से स्थानीय स्तर पर सीटी स्कैन मशीन खरीदी के लिए टेंडर की प्रक्रिया चल रही है लेकिन शर्तो की वजह से वह भी अटकी हुई है। अब फिर से टेंडर बुलाया गया है, ऐसे में जल्द सुविधा शुरू होने की उम्मीद कम लग रही है।

13 करोड़ रुपए की मशीन खरीदी जाएगी
मेडिकल कॉलेज अस्पताल के लिए 13 करोड़ रुपए की लागत से 128 स्लाइड की एडवांस वर्जन मशीन खरीदा जाना है। जिसके लिए पूर्व में एनटीपीसी से सीएसआर फंड से मिला 2 करोड़ व डीएमएफ से मिला 11 करोड़ रुपए फंड में उपलब्ध है। लेकिन दो बार टेंडर बुलाने के बाद भी सक्षम भागीदारों के नहीं आने से मशीन की खरीदी नहीं हो पा रही है। अब फिर से प्रबंधन द्वारा टेंडर बुलाया गया है।

निजी सेंटर से अनुबंध, मरीज होते हैं परेशान
मेडिकल कॉलेज प्रबंधन ने मरीजों के लिए सीटी स्कैन की आवश्यकता होने पर निजी सेंटर से अनुबंध किया है, जिसके तहत सेंटर रियायती दर पर सीटी स्कैन की सुविधा देते हैं। वहीं उन्हें मेडिकल कॉलेज अस्पताल से निजी सेंटर तक ले जाने और वापस पहुंचाने के लिए निशुल्क एंबुलेंस की सुविधा भी मिलती है। सीटी स्कैन के लिए प्रतिदिन 10 मरीज को निजी सेंटर भेजा जा रहा है। हालांकि इस व्यवस्था में मरीजों को निजी सेंटर की आवाजाही में परेशान होना पड़ता है।
कंपनी से खरीदी की शर्त, पर्याप्त बोलीदार नहीं
जैम पोर्टल से सीटी स्कैन मशीन खरीदने के लिए प्रबंधन ने टेंडर बुलाया जिसमें शर्त मशीन बनाने वाली कंपनी से सीधे सप्लाई की थी। जिसके लिए कई कंपनियों ने जानकारी ली लेकिन टेंडर में शामिल नहीं हुए। दोबारा टेंडर बुलाने पर एक मात्र कंपनी ही शामिल हुई, एेसे में पर्याप्त बोलीदार नहीं होने से प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी। अब तीसरी बार उक्त शर्त को हटाकर बोलीदार स्वतंत्र किया गया है।

