पाली थाना क्षेत्र में दो लूटकांड का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने पल्सर बाइक और चाकू किया जप्त, बीएनएस की धाराओं में कार्रवाई
कोरबा। जिले के थाना पाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पूटा एवं चैतमा पेट्रोल पंप में हुई दो अलग-अलग लूट की घटनाओं का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों मामलों में घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसायकल एवं चाकू जप्त किए गए हैं तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।

पहली घटना – ग्राम पूटा लूट कांड
प्रार्थी जगत नेताम, निवासी ग्राम पूटा ने थाना पाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 9 जनवरी 2026 की रात करीब 8:30 बजे दो पल्सर मोटरसायकल में सवार चार युवकों ने उससे झपटमारी कर 2000 रुपये लूट लिए।
मामले में धारा 304(2), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना की गई। जांच के दौरान आरोपी श्रीयष परिहार उर्फ कान्हा परिहार (उम्र 26 वर्ष, निवासी पाली अस्पताल के पास) को गिरफ्तार किया गया, जिसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त पल्सर बाइक जप्त की गई।

एक अन्य आरोपी वेदप्रकाश वैष्णव उर्फ नीलेश वैष्णव को रतनपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है, जिसे न्यायालयीन प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद पृथक से गिरफ्तार किया जाएगा। वहीं, सुल्तान हुसैन और कामरान अंसारी की तलाश जारी है।
दूसरी घटना – चैतमा पेट्रोल पंप लूट कांड
प्रार्थी राजकुमार कश्यप ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 15-16 जनवरी 2026 की दरम्यानी रात चैतमा स्थित श्री साईं फ्यूल्स पेट्रोल पंप में चार युवकों ने मारपीट कर चाकू दिखाते हुए 8000 रुपये लूट लिए।
इस मामले में धारा 309(6), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। विवेचना के दौरान आरोपी समीर नागेश (उम्र 19 वर्ष, निवासी सूर्योदय नगर केराझरिया, थाना पाली) को चैतमा चौकी पुलिस ने गिरफ्तार किया। आरोपी से घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसायकल जप्त की गई है।
इस प्रकरण में शामिल अन्य आरोपी वेदप्रकाश उर्फ नीलेश वैष्णव, अभिषेक प्रजापति उर्फ मांडा और कपिल पटेल (सभी निवासी पाली) को रतनपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है, जिन्हें न्यायालयीन प्रक्रिया के बाद पृथक से गिरफ्तार किया जाएगा।


