कोरबा-चांपा मार्ग पर बड़ा हादसा: मंदिर से लौट रहे श्रद्धालुओं की पिकअप पेड़ से टकराई, 9 घायल
कोरबा। कोरबा-चांपा मार्ग स्थित आस्था स्थल मां मड़वा रानी मंदिर से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। इस हादसे में 9 लोग घायल हो गए, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम सलखन से करीब 25 श्रद्धालु पिकअप वाहन में सवार होकर पहाड़ी पर स्थित मां मड़वा रानी मंदिर दर्शन के लिए पहुंचे थे। दर्शन के बाद सभी वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान ढलान पर वाहन चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और पिकअप तेजी से नीचे की ओर बढ़ते हुए एक पेड़ से जा भिड़ी।
टक्कर इतनी तेज थी कि वाहन में बैठे कई श्रद्धालु उछलकर बाहर जा गिरे, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। एंबुलेंस चालक सुखदास महंत और ईएमटी कृष्ण श्रीवास ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि मां मड़वा रानी मंदिर तक जाने वाली पहाड़ी सड़क लंबे समय से जर्जर हालत में है। जगह-जगह गड्ढे और उखड़ी सड़क के कारण आए दिन हादसे होते रहते हैं। ग्रामीणों ने जिम्मेदार विभाग से सड़क की शीघ्र मरम्मत की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।


