Uncategorized

वेदांता समूह के संस्थापक अनिल अग्रवाल को गहरा आघात, पुत्र अग्निवेश अग्रवाल का न्यूयॉर्क में आकस्मिक निधन

मुंबई/न्यूयॉर्क। वेदांता रिसोर्सेज के संस्थापक और देश के दिग्गज उद्योगपति अनिल अग्रवाल के पुत्र अग्निवेश अग्रवाल (49) का बुधवार को न्यूयॉर्क में आकस्मिक निधन हो गया। इस दुखद खबर से उद्योग जगत, सामाजिक क्षेत्र और परिवारजनों में शोक की लहर दौड़ गई है।
इस हृदयविदारक घटना की जानकारी स्वयं अनिल अग्रवाल ने सोशल मीडिया के माध्यम से साझा की। अपने बेटे को खोने के असहनीय दर्द को शब्दों में व्यक्त करते हुए उन्होंने लिखा—
“आज मेरे जीवन का सबसे दर्दनाक दिन है। एक पिता के कंधे पर बेटे की अर्थी जाए, इससे बड़ा दुःख और क्या हो सकता है।”
उनकी यह भावुक पोस्ट लोगों को भीतर तक झकझोर गई।
हादसे के बाद कार्डियक अरेस्ट बना मौत का कारण
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अग्निवेश अग्रवाल अमेरिका में अपने एक मित्र के साथ स्कीइंग के लिए गए थे, जहां वे एक दुर्घटना का शिकार हो गए। हादसे के बाद उन्हें न्यूयॉर्क के माउंट सिनाई अस्पताल में भर्ती कराया गया था। प्रारंभिक इलाज के बाद डॉक्टरों को उनके स्वास्थ्य में सुधार की उम्मीद थी, लेकिन अचानक आए कार्डियक अरेस्ट ने उनकी जान ले ली।
बहुमुखी प्रतिभा के धनी थे अग्निवेश अग्रवाल
3 जून 1976 को जन्मे अग्निवेश अग्रवाल को उनके पिता ने अपनी “शान” बताया। उन्होंने मेयो कॉलेज, अजमेर से शिक्षा प्राप्त की थी। वे न केवल एक सफल उद्यमी थे, बल्कि फुजैराह गोल्ड और हिंदुस्तान जिंक जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों के चेयरमैन के रूप में भी उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई।
व्यवसाय के साथ-साथ अग्निवेश एक राष्ट्रीय स्तर के बॉक्सिंग चैंपियन, कुशल घुड़सवार और संगीत प्रेमी भी थे। उनकी बहुआयामी प्रतिभा उन्हें दूसरों से अलग बनाती थी।
बेटे के सपनों को आगे बढ़ाने का संकल्प
अनिल अग्रवाल ने अपने संदेश में यह भी कहा कि वे अपने बेटे के अधूरे सपनों और मूल्यों को आगे बढ़ाने का हरसंभव प्रयास करेंगे। उन्होंने प्रार्थना की कि ईश्वर उन्हें इस असहनीय दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें।
अग्निवेश अग्रवाल का असमय जाना न केवल उनके परिवार, बल्कि उद्योग जगत के लिए भी एक अपूरणीय क्षति है।

Oplus_131072

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *