Uncategorized

तेजरफ्तार ट्रेलर नर्सरी में घुसा तो जान बचाने कूदे ड्राइवर की पेड़ से टकराकर हुई मौत, खबर लगते ही वाहन मालिक ने भी तोड़ दिया दम 

बांकीमोंगरा क्षेत्र की घटना, हेल्पर की गंभीर हालत

कोरबा। तेजरफ्तार ट्रेलर के मोड़ पर बेकाबू होकर नर्सरी में घुसने पर ड्राइवर व हेल्पर जान बचाने के लिए नीचे कूदे। इस दौरान पेड़ से टकराने से वे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। जिसमें ड्राइवर की मौत हो गई और हेल्पर को गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर किया गया। घटना की खबर मिलते ही अस्वस्थ चल रहे वाहन मालिक ने भी दम तोड़ दिया।

घटना बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र के पंखादफई रेलवे क्रासिंग के आगे तिराहा के पास हुई। जहां बुधवार की सुबह 9 बजे ट्रेलर सीजी-12-एस-1405 लोडिंग के लिए जा रहा था। ट्रेलर तेजरफ्तार होने के कारण मोड़ पर बेकाबू होकर सड़क किनारे नर्सरी में घुस गया। जहां बड़े-बड़े पेड़ होने पर ड्राइवर पवन दास मानिकपुरी उम्र 30 वर्ष निवासी बांकीमोंगरा व हेल्पर ट्रेलर का दरवाजा खोलकर बाहर कूद गए। इस दौरान पेड़ से टकराने से ड्राइवर व हेल्पर गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें कटघोरा अस्पताल पहुंचाया गया। जहां ड्राइवर को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं प्राथमिक उपचार के बाद हेल्पर की गंभीर हालत देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। वाहन मालिक संतोष आजाद निवासी जंगल साइड जो पहले से अस्वस्थ चल रहे थे घटना की खबर मिलते ही उनकी तबियत ज्यादा बिगड़ गई और उन्होंने भी दम तोड़ दिया।