कोरबा में बिखरेगी छत्तीसगढ़ी मिट्टी की खुशबू: व्यंजन, लोकनृत्य और मॉडलिंग शो से सजेगा 18 जनवरी का दिन
कोरबा।कोरबा शहर 18 जनवरी को छत्तीसगढ़ी संस्कृति, परंपरा और स्वाद का साक्षी बनेगा। घंटाघर स्थित ओपन थियेटर परिसर में माँई G फाउंडेशन सोसायटी के आयोजन में छत्तीसगढ़ी मिट्टी की खुशबू बिखरेगी। यह कार्यक्रम सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक चलेगा।

माँई G फाउंडेशन की अध्यक्ष श्रीमती निधि तिवारी ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति, खान-पान और विरासत को जन-जन तक पहुँचाना है। उन्होंने कोरबावासियों से अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने की अपील की।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ी व्यंजनों के आकर्षक स्टॉल सजेंगे, जहाँ चीला, फरा, अइरसा, पीड़िया, पपची, देहरौरी, बड़ी, बिजौरी, दही मिर्ची जैसे पारंपरिक स्वाद का लोग आनंद ले सकेंगे। साथ ही फुगड़ी, खो-खो, कुर्सी दौड़, पतंग उड़ाओ जैसी प्रतियोगिताएँ सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक होंगी।

शाम 4 बजे से प्रसिद्ध पंडवानी गायिका पूजा दीवान द्वारा लोकगाथा की प्रस्तुति दी जाएगी। इसके बाद स्थानीय कलाकारों द्वारा सुआ, करमा, गेड़ी, ददरिया, छेरछेरा जैसे छत्तीसगढ़ी गीत-संगीत और नृत्य प्रस्तुत किए जाएंगे।

कार्यक्रम की खास आकर्षण पहली बार होने वाला छत्तीसगढ़ी मॉडलिंग शो होगा, जिसे माई G फाउंडेशन और एपी प्रोडक्शन के संयुक्त सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। एपी प्रोडक्शन प्रमुख अनुराग पटेल ने बताया कि यह शो कोरबा के दर्शकों के लिए बिल्कुल नया अनुभव होगा।
इस अवसर पर फाउंडेशन की संरक्षक श्रीमती होमा खान, उपाध्यक्ष श्रीमती श्रद्धा बुंदेला, कोषाध्यक्ष श्रीमती पुष्पा तिवारी, सचिव श्रीमती हेमा शर्मा, सह-सचिव रोशनी तिवारी एवं मीडिया प्रभारी श्रीमती रूपा तिवारी सहित अन्य सदस्य मौजूद रहेंगे।


