कोरबा के कोयला खदान में गैंगवॉर: चाकू से हमला कर ट्रांसपोर्टर की हत्या, चंद घंटे के भीतर मुख्य आरोपी भाजपा मंडल अध्यक्ष समेत 9 गिरफ्तार, 16 लोगों के खिलाफ है एफआईआर

कोरबा। पाली के सरायपाली खदान के गेट पर शुक्रवार देर रात ट्रांसपोर्टर के दो गुटों के बीच गैंगवार के दौरान चाकू से हमले में एक गुट के ट्रांसपोर्टर की मौत हो गई। जिसके बाद पाली में बवाल मच गया। वहां बढ़ते तनाव को देखते हुए पुलिस कप्तान सिद्धार्थ तिवारी ने रात को पाली थाना पहुंचकर मोर्चा संभाला और आरोपियों की तलाश तेज कर दी। मामले में पुलिस ने तत्काल आरोपी पक्ष के 16 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की। चंद घंटे के भीतर शनिवार की सुबह तक मामले के मुख्य आरोपी पाली के भाजपा मंडल अध्यक्ष रोशन सिंह ठाकुर समेत 9 आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में साइबर सेल समेत 6 टीमें जांच में जुटी हैं। मामले में पाली थाना प्रभारी विनोद सिंह को लाइन अटैच कर दिया गया है। उनकी जगह राजेश तिवारी को नया थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है। तनाव की स्थिति को देखते हुए पाली नगर के साथ कोयला खदान के बाहर पुलिस फोर्स लगा दी गई है।

मुख्य आरोपी भाजपा नेता, दूसरा पक्ष भी भाजपा से जुड़ा, कोयला खदान में दोनों पक्ष चाहते हैं वर्चस्व
मामले में आरोपियों की लिस्ट में मुख्य आरोपी भाजपा के पाली मंडल का अध्यक्ष रोशन ठाकुर है। उसके साथ ही गौरव सिंह ठाकुर, वासु ठाकुर, सौरभ श्रीवास, सुशांत ठाकुर उर्फ सीजू, संस्कार ठाकुर, मोंटी कश्यप, मुकेश श्रीवास, सुनील सागर, प्रभात दुबे, निलेश सिंह राज, कैलाश कैवर्त, अनिल मरावी उर्फ छोटू, मयंक सिंह ठाकुर, सूरज पासवान और सुरेंद्र सिंह चौहान के नाम शामिल हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, एसईसीएल के एक अधिकारी के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है। मृतक के भाई की लिखित शिकायत, बयान के आधार पर पुलिस ने शुरूआती कार्यवाही की है।
